![]() |
| रीवा में ब्रांडेड कंपनी के नाम पर 'नकली' का खेल: पांच ऑटोपार्ट्स दुकानों पर छापा, भारी मात्रा में फर्जी सामान बरामद Aajtak24 News |
रीवा - रीवा शहर के पुराने बस स्टैंड स्थित ऑटोपार्ट्स मार्केट में गुरुवार रात पुलिस और महिन्द्रा एंड महिन्द्रा कंपनी के अधिकारियों ने एक बड़ी संयुक्त कार्रवाई को अंजाम दिया। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस छापेमारी में पांच प्रमुख दुकानों से भारी मात्रा में महिन्द्रा कंपनी के नाम पर बेचे जा रहे नकली ऑटो पार्ट्स बरामद किए गए हैं।
कंपनी की शिकायत पर हुई कार्रवाई
काफी समय से कंपनी को यह शिकायतें मिल रही थीं कि रीवा के स्थानीय बाजारों में महिन्द्रा के लोगो (Logo) और पैकिंग का इस्तेमाल कर घटिया दर्जे के नकली पार्ट्स असली बताकर बेचे जा रहे हैं। इन नकली पार्ट्स के उपयोग से न केवल वाहनों को नुकसान पहुँच रहा था, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं का खतरा भी बना हुआ था। कंपनी के अधिकारियों की शिकायत पर पुलिस टीम ने रणनीति बनाकर एक साथ दबिश दी।
इन दुकानों पर हुई छापेमारी
पुलिस सूत्रों के अनुसार, छापेमारी की जद में पुराने बस स्टैंड क्षेत्र की आराध्या ऑटो पार्ट्स और राकेश ऑटो पार्ट्स समेत पांच दुकानें आईं। कार्रवाई के दौरान दुकानों से जब्त किए गए क्लच प्लेट, फिल्टर, बेयरिंग और अन्य महत्वपूर्ण पुर्जे पहली नजर में हुबहू असली जैसे दिख रहे थे, लेकिन कंपनी के विशेषज्ञों ने जांच के बाद इन्हें नकली करार दिया।
व्यापारियों में खलबली
अचानक हुई इस बड़ी कार्रवाई से पूरे ऑटोपार्ट्स मार्केट में हड़कंप मच गया और कई दुकानदार अपनी दुकानें बंद कर मौके से खिसक गए। पुलिस ने जब्त किए गए सामान को अपने कब्जे में ले लिया है और संबंधित दुकानदारों के खिलाफ कॉपीराइट एक्ट व अन्य सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
