![]() |
| रील का जानलेवा शौक: मऊगंज में बाइक चलाते समय रील बना रहे 3 युवकों की मौत, 2 गंभीर Aajtak24 News |
मऊगंज - मध्य प्रदेश के मऊगंज जिले में मंगलवार को सोशल मीडिया के लिए रील बनाने का शौक तीन युवकों के लिए काल बन गया। पन्नी-पथरिया नेशनल हाईवे पर सुबह करीब 11 बजे हुए एक भीषण सड़क हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, लौर थाना क्षेत्र के बेला निवासी उपलक्ष कोल (17), अमरीश कोल (22) और हेमराज कोल (17) एक पल्सर बाइक पर सवार होकर तेज रफ्तार में रील बना रहे थे। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से उनकी बाइक सड़क किनारे खड़े एक ट्रेलर ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। इसी बीच पीछे से आ रही एक अन्य अपाचे बाइक भी अनियंत्रित होकर ट्रेलर से टकरा गई, जिससे उस पर सवार प्रशांत और प्रदीप द्विवेदी गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही मऊगंज थाना प्रभारी रीना सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचीं और घायलों को सिविल अस्पताल भिजवाया। पुलिस को घटनास्थल से एक संदिग्ध गन लाइटर भी मिला है। पुलिस ने ट्रेलर को जब्त कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। यह हादसा युवाओं के बीच रील बनाने के खतरनाक जुनून और यातायात नियमों की अनदेखी का एक भयावह उदाहरण है।
