| बैकुंठपुर थाने में होली मिलन समारोह की धूम, पुलिस और जनता ने मिलकर उड़ाया गुलाल Aajtak24 News |
रीवा - मध्य प्रदेश के रीवा जिले अंतर्गत बैकुंठपुर थाना परिसर में थाना प्रभारी के नेतृत्व में 'होली मिलन' कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। वैदिक परंपराओं और सांस्कृतिक हर्षोल्लास के साथ आयोजित इस कार्यक्रम में खाकी का मानवीय और उत्साही चेहरा देखने को मिला। हजारों वर्षों से चली आ रही सनातन परंपरा का निर्वहन करते हुए शासकीय कर्मचारियों और क्षेत्रीय नागरिकों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर पर्व की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर थाना प्रभारी सहित समस्त पुलिस स्टाफ और क्षेत्र के गणमान्य नागरिक एक साथ होली के रंगों में सराबोर नजर आए।
लोकगीतों और कला ने जीता दिल
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण स्थानीय लोकगीत और सांस्कृतिक प्रदर्शन रहा। क्षेत्रीय नागरिकों और पुलिसकर्मियों ने अपनी-अपनी कला और भाषा में लोकगीतों की प्रस्तुति दी, जिसने माहौल को पूरी तरह उत्सवमय बना दिया। पुलिस और जनता के बीच की यह आत्मीयता चर्चा का विषय बनी रही। उपस्थित लोगों का कहना था कि ऐसे आयोजनों से पुलिस और आमजन के बीच की दूरी कम होती है और आपसी विश्वास बढ़ता है।