![]() |
| जमीनी विवाद में खूनी तांडव: शाहपुर के कोठार में एक ही परिवार पर लाठी-डंडों से हमला, महिलाएं भी घायल, एक की हालत गंभीर Aajtak24 News |
मऊगंज - जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र में जमीनी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। ग्राम कोठार में बारी काटने को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि दबंगों ने एक ही परिवार के सदस्यों पर लाठी-डंडों से जानलेवा हमला कर दिया। इस घटना में चार लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनमें महिलाएं भी शामिल हैं। एक घायल की हालत गंभीर बनी हुई है। जिसे संजय गांधी अस्पताल रीवा में भर्ती कराया गया। पुलिस की कार्रवाई से असंतुष्ट पीड़ित परिवार ने न्याय की गुहार लगाते हुए एसपी कार्यालय का रुख किया है। शाहपुर थाना क्षेत्र के ग्राम कोठार में जमीनी विवाद ने मंगलवार शाम हिंसक मोड़ ले लिया। पीड़ित पक्ष के अनुसार, बिनोद यादव (45) की जमीन में लगी बारी को राजू सिंह उर्फ राजबहादुर सिंह काट रहा था। जब बिनोद यादव की पत्नी शीला यादव ने इसका विरोध किया, तो आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए डंडे से मारपीट शुरू कर दी। शोर सुनकर बिनोद यादव, उनकी मां शितलिया यादव (65), बेटा रजनीश यादव (25) और भाई नीलेश यादव मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव करने लगे।
इसी दौरान अभिषेक सिंह, अमित सिंह और लालजी सिंह भी वहां पहुंच गए और सभी ने मिलकर हाथ-मुक्कों और लाठी-डंडों से पूरे परिवार पर हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावर घर के अंदर से महिलाओं को खींचकर बाहर लाए और बेरहमी से पीटा। घटना में बिनोद यादव को सिर में गंभीर चोट आई, जिससे उनकी हालत बिगड़ गई। अन्य घायलों में शीला यादव, शितलिया यादव और रजनीश यादव शामिल हैं। सभी घायलों को परिजन निजी वाहन से हनुमना अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें रीवा रेफर कर दिया गया। रीवा में जांच के बाद तीन घायलों को छुट्टी दे दी गई, जबकि बिनोद यादव की हालत गंभीर होने पर उन्हें संजय गांधी अस्पताल में भर्ती किया गया, जहां इलाज जारी है।
घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। पीड़ित रजनीश यादव ने शाहपुर थाने में मौखिक रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है, लेकिन कार्रवाई से संतुष्ट न होने पर परिजन पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और आरोपियों की गिरफ्तारी व सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
