![]() |
| माई दंतेश्वरी की धरती से 'महतारी वंदन' की 20वीं किस्त जारी: 65 लाख महिलाओं को मिलेंगे ₹607 करोड़ Aajtak24 News |
रायपुर - केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह 4 अक्टूबर को माई दंतेश्वरी की धरती जगदलपुर से छत्तीसगढ़ की महिलाओं को बड़ी सौगात देंगे। श्री शाह बस्तर दशहरा एवं मुरिया दरबार के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में महतारी वंदन योजना की 20वीं किस्त की राशि सिंगल क्लिक से लाभार्थी महिलाओं के बैंक खातों में अंतरित करेंगे। इस किस्त के तहत राज्य की लगभग 65 लाख (64,94,768) हितग्राही महिलाओं को ₹606 करोड़ 94 लाख रुपये की राशि जारी की जाएगी।
महिलाओं को आर्थिक रूप से स्वावलंबी बनाने की पहल
महतारी वंदन योजना छत्तीसगढ़ सरकार की एक महत्वाकांक्षी पहल है, जिसे राज्य की महिलाओं को आर्थिक रूप से स्वावलंबी बनाने के उद्देश्य से 1 मार्च 2024 को शुरू किया गया था। इस योजना के तहत 21 वर्ष से अधिक आयु की विवाहित महिलाओं को हर माह ₹1000 की आर्थिक सहायता सीधे उनके बैंक खाते में प्रदान की जाती है। यह राशि महिलाओं को छोटी-छोटी आर्थिक जरूरतों के लिए आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
कुल राशि ₹12,983 करोड़ के पार
योजना शुरू होने के बाद से अब तक 19 किस्तों में लाभार्थी महिलाओं को कुल ₹12,376 करोड़ 19 लाख रुपये की राशि सीधे उनके खातों में अंतरित की जा चुकी है। केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह द्वारा 20वीं किस्त के रूप में ₹606 करोड़ 94 लाख रुपये जारी होने के बाद, इस योजना के तहत वितरित की गई कुल राशि ₹12,983 करोड़ 13 लाख रुपये से अधिक हो जाएगी। यह राशि छत्तीसगढ़ सरकार की महिला सशक्तिकरण के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है, जिससे राज्य की लाखों महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव आ रहा है। माई दंतेश्वरी की पवित्र भूमि से यह सौगात राज्य की माताओं और बहनों के प्रति सरकार के सम्मान और समर्थन का प्रतीक है।
