![]() |
| RTO चेकपोस्ट बना सिरदर्द: जोगिनिहाई में चक्काजाम, जनता और पुलिस परेशान Aajtak24 News |
रीवा/मध्य प्रदेश - रीवा जिले में परिवहन विभाग के नियम-विरुद्ध चेकिंग अभियान से परेशान होकर ट्रक और बस चालकों ने आज सुबह जोगिनिहाई टोल प्लाजा के पास सड़क पर अपने वाहन खड़े कर दिए, जिससे लंबा जाम लग गया। चालकों का आरोप है कि आरटीओ अधिकारियों और उनके 'गुर्गों' द्वारा लगातार अवैध वसूली की जा रही है और पैसे न देने पर वाहनों में तोड़फोड़ की जाती है। यह समस्या सिर्फ जोगिनिहाई तक सीमित नहीं है, बल्कि हनुमना, सुहागी पहाड़ और रामनई टोल प्लाजा जैसे चेकपोस्ट पर भी आए दिन वसूली के विवाद होते रहते हैं। आरोप है कि इस अवैध वसूली से न केवल वाहन चालक बल्कि आम जनता भी परेशान है।
आज सुबह लगभग 7:30 बजे, वाहनों की तोड़फोड़ से नाराज ड्राइवरों ने जोगिनिहाई में बसों और ट्रकों को सड़क के बीच में खड़ा कर दिया। उन्होंने कई बसों के शीशे भी तोड़े। इस दौरान मौके पर मौजूद उड़न दस्ता प्रभारी सुमन दीक्षित ने बताया कि एक बस, डंपर को ओवरटेक करने के चक्कर में पलट गई थी। हालाँकि, ड्राइवरों का कहना है कि यह सब आरटीओ की अवैध वसूली का नतीजा है।
नेताओं की चुप्पी पर सवाल
स्थानीय लोग और वाहन चालक इस बात पर हैरान हैं कि बीजेपी की 'सुशासन' वाली सरकार और उसके विधायक, सांसद और मंत्री इस गंभीर समस्या पर क्यों चुप हैं। मंच से 'अमृतकाल' के दावे तो किए जाते हैं, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही है। किसानों को खाद की समस्या से जूझना पड़ रहा है, वहीं दूसरी तरफ परिवहन विभाग की अवैध गतिविधियाँ थमने का नाम नहीं ले रहीं।
रायपुर पुलिस भी बेबस
जब भी आरटीओ की अवैध चेकिंग के कारण जाम लगता है, तो आरटीओ कर्मचारी मौके से फरार हो जाते हैं। इस स्थिति में, रायपुर कर्चुलियान पुलिस को मोर्चा संभालना पड़ता है। पुलिस 112 और स्थानीय टीम के पहुँचने पर उन्हें चालकों का गुस्सा झेलना पड़ता है। यह दिखाता है कि आरटीओ विभाग के कर्मचारी अपनी जिम्मेदारी से भाग रहे हैं और इसका खामियाजा पुलिस और आम जनता को भुगतना पड़ रहा है। इस संबंध में कई बार लिखित और मौखिक शिकायतें की जा चुकी हैं, लेकिन आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
