CPI-IW आंकड़ों से बढ़ोतरी का संकेत
महंगाई भत्ते में संशोधन का आधार होता है औद्योगिक श्रमिकों के लिए उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (CPI-IW)। श्रम ब्यूरो द्वारा जारी जून 2025 के आंकड़ों के अनुसार CPI-IW 1 अंक बढ़कर 145 पर पहुंच गया है। जुलाई 2024 से जून 2025 तक के 12 महीनों का औसत इंडेक्स 143.6 रहा है। यही आंकड़े डीए निर्धारण के फॉर्मूले में शामिल किए जाते हैं, जिससे 3% की वृद्धि की संभावना प्रबल हो गई है।
सैलरी में कितना इज़ाफा होगा? जानिए कैलकुलेशन
अगर किसी कर्मचारी का मूल वेतन ₹40,000 है, तो वर्तमान 55% डीए के अनुसार उसे ₹22,000 महंगाई भत्ता मिलता है। 3% की वृद्धि के बाद डीए 58% हो जाएगा, जिससे यह राशि ₹23,200 हो जाएगी। यानी हर महीने ₹1,200 का सीधा इज़ाफा। इसके अलावा, डीए बढ़ने से ट्रैवल अलाउंस (TA), हाउस रेंट अलाउंस (HRA) और अन्य भत्तों में भी बढ़ोतरी संभव है।
घोषणा अक्टूबर-नवंबर में संभव
परंपरागत रूप से जुलाई-दिसंबर की दूसरी छमाही के लिए डीए की घोषणा शारदीय नवरात्रि के आसपास की जाती है, जो इस बार 22 सितंबर से शुरू हो रही है। ऐसे में सितंबर का महीना बेहद अहम माना जा रहा है। हालांकि, आधिकारिक घोषणा अक्टूबर या नवंबर में होने की संभावना है ताकि दिवाली से पहले इसका लाभ मिल सके।
जनवरी की कम बढ़ोतरी से नाराज़ थे कर्मचारी
जनवरी 2025 में सरकार ने केवल 2% डीए बढ़ाया था, जो पिछले सात वर्षों में सबसे कम वृद्धि रही। इससे कर्मचारियों और पेंशनर्स में नाराज़गी देखी गई थी। इस बार अधिक वृद्धि की उम्मीद जताई जा रही है, जिससे सरकार की छवि भी सुधर सकती है।
आठवें वेतन आयोग पर अभी इंतजार
हालांकि जनवरी 2025 में आठवें वेतन आयोग की घोषणा हो चुकी है, लेकिन अब तक इसके लिए संदर्भ की शर्तें (ToR) और सदस्यों की नियुक्ति नहीं हुई है। कोटक इंस्टीट्यूशनल इक्विटीज की रिपोर्ट के अनुसार, इसकी सिफारिशें 2026 के अंत या 2027 की शुरुआत से पहले लागू होने की संभावना कम है। सितंबर का महीना केंद्रीय कर्मचारियों के लिए उम्मीदों से भरा है। डीए में संभावित 3% बढ़ोतरी से उनकी जेब में राहत मिलेगी और त्योहारों के मौसम में खर्च करने की क्षमता भी बढ़ेगी। हालांकि, आठवें वेतन आयोग की राह अभी लंबी है, लेकिन फिलहाल डीए वृद्धि की खबरें ही खुशखबरी लेकर आई हैं।