बालोद - कलेक्टर श्री इन्द्रजीत सिंह चन्द्रवाल ने आज गुण्डरदेही विकासखण्ड के ग्राम कलंगपुर में सेवा सहकारी समिति के धान उपार्जन केन्द्र का निरीक्षण किया। उन्होंने धान खरीदी की तैयारियों का अवलोकन करते हुए केन्द्र में सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
उपस्थित उप पंजीयक सहकारी संस्थाएं, श्री राजेन्द्र राठिया ने कलेक्टर को जानकारी दी कि धान उपार्जन केन्द्र कलंगपुर में आसपास के चार ग्रामों - कलंगपुर, चारभाठा, खल्लारी, और मुंडेरा के कुल 1391 किसान धान विक्रय के लिए आते हैं। इन किसानों द्वारा 1519.9 हेक्टेयर में धान की खेती की गई है।
श्री राठिया ने बताया कि धान खरीदी केन्द्र में सभी आवश्यक मूलभूत सुविधाएं जैसे बारदाने, किसानों के लिए बैठक व्यवस्था, शौचालय, और पेयजल आदि की समुचित व्यवस्था की गई है।
कलेक्टर श्री चन्द्रवाल ने समिति प्रबंधक को निर्देशित किया कि केन्द्र में सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं, जिससे धान विक्रय के लिए आने वाले किसानों को कोई समस्या न हो। इस निरीक्षण के दौरान एसडीएम श्री सुरेश साहू भी उपस्थित थे।