बालोद: कलेक्टर ने तहसील कार्यालय डौण्डी का किया निरीक्षण, समयबद्ध सेवा सुनिश्चित करने के आदेश Balod: Collector inspected Tehsil office Daundi, orders to ensure timely service

बालोद: कलेक्टर ने तहसील कार्यालय डौण्डी का किया निरीक्षण, समयबद्ध सेवा सुनिश्चित करने के आदेश Balod: Collector inspected Tehsil office Daundi, orders to ensure timely service

 बालोद  - कलेक्टर श्री इन्द्रजीत सिंह चन्द्रवाल ने आज अपने डौण्डी प्रवास के दौरान तहसील कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने तहसील कार्यालय के विभिन्न कक्षों में पहुंचकर अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा किए जा रहे कार्यों और व्यवस्थाओं का मुआयना किया। उन्होंने विशेष रूप से तहसीलदार न्यायालय में जाकर वहाँ के अधिकारी-कर्मचारियों से राजस्व प्रकरणों के निपटारे की स्थिति के संबंध में जानकारी ली और समय-सीमा में निपटारा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री चन्द्रवाल ने तहसीलदार न्यायालय में कुल लंबित और प्रगति में चल रहे प्रकरणों की जानकारी प्राप्त की और राजस्व प्रकरणों के निपटारे की प्रगति रिपोर्ट का अवलोकन किया। उन्होंने राजस्व निरीक्षक कक्ष में पहुंचकर कर्मचारियों से उनके कार्यों के संबंध में जानकारी ली और गिरदावरी एवं फसल कटाई के प्रयोग कार्यों की प्रगति के बारे में भी पूछा।

कलेक्टर श्री चन्द्रवाल ने लोक सेवा केंद्र का निरीक्षण भी किया, जहां उन्होंने ऑपरेटर से प्रतिदिन प्राप्त होने वाले कुल आवेदन और उनसे ली जाने वाली शुल्क के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने ऑनलाइन पद्धति से प्राप्त आवेदनों और शुल्क प्रक्रिया का भी अवलोकन किया। इसके बाद उन्होंने पटवारी कक्ष का दौरा कर वहां उपस्थित पटवारियों द्वारा किए जा रहे रिकॉर्ड के सुधार कार्यों की जांच की।

तहसील कार्यालय में कानूनगो शाखा के निरीक्षण के दौरान, उन्होंने लिपिक से डौण्डी तहसील के अंतर्गत एक हल्के से अधिक प्रभार वाले पटवारियों और एक ही स्थान पर दस वर्ष से अधिक समय से कार्यरत पटवारियों की जानकारी ली।

कलेक्टर ने तहसील कार्यालय में उपस्थित आम नागरिकों से भी बातचीत की और उनकी समस्याओं को समझा। उन्होंने मौके पर उपस्थित अधिकारियों को इन समस्याओं के समाधान के लिए त्वरित और समुचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

इस निरीक्षण के दौरान एसडीएम श्री राम कुमार सोनकर, तहसीलदार श्री हिंसा राम नायक, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री डीडी मण्डले सहित अन्य अधिकारीगण भी उपस्थित थे। कलेक्टर श्री चन्द्रवाल के इस निरीक्षण का उद्देश्य तहसील कार्यालय की कार्यप्रणाली को सुधारना और नागरिकों को समय पर सेवा प्रदान करना था।

Post a Comment

Previous Post Next Post