कलेक्टर श्री कुमार पुरुषोत्तम की पहल पर रतलाम में हेरिटेज वाक 2 जनवरी को
रतलाम (यूसुफ अली बोहरा) - कलेक्टर श्री कुमार पुरुषोत्तम की पहल पर रतलाम शहर में आगामी 2 जनवरी को हेरिटेज वॉक आयोजित की जाएगी। इसका उद्देश्य शहर के लोगों को उनकी प्राचीन धरोहर और उनके इतिहास स्थापत्य, कला, संस्कृति और अनछुए तथ्यों से अवगत कराना है। हेरिटेज वॉक का आयोजन शहर के गुलाब चक्कर से प्रातः 10:00 बजे से प्रारंभ होकर झाली तालाब होते हुए महलवाडा पर समापन होगा। इस मार्ग के बीच में आ रही ऐतिहासिक इमारतों की अनोखी जानकारी दी जाएगी। जिला प्रशासन तथा रतलाम हेरिटेज संस्था के संयुक्त तत्वाधान में उक्त हेरिटेज वाक शहर की प्राचीन धरोहरों तथा यशस्वी इतिहास को जानने एवं पहचानने के लिए आयोजित की जा रही है जो अनूठी पहल सिद्ध होगी जिसमें अधिकाधिक संख्या में लोग शामिल होंगे।
परियोजना अधिकारी शहरी विकास श्री अरुण पाठक ने बताया कि हेरिटेज वाक रतलाम जिले की धरोहर और पर्यटन स्थलों को संजोने के प्रयास में एक नया कदम है। हेरिटेज वाक के लिए रतलाम हेरिटेज संस्था की सुश्री विनीता तांतेड तथा श्री प्रतीक दलाल द्वारा सक्रिय रहकर आयोजन में सहयोग दिया जा रहा है। उक्त संस्था रतलाम तथा आसपास के क्षेत्रों के इतिहास धरोहरों के संरक्षण, संस्कृति, स्थापत्य कला, साहित्य, मालवी भाषा, मौखिक परंपराओं को एक मंच पर लाकर अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने का प्रयास कर रही है। हेरीटेज वॉक में शामिल होने वाले व्यक्ति एक स्थान पर एकत्रित होकर साथ में पैदल चलकर अपने शहर की धरोहरों का दर्शन करके जानकारी प्राप्त करेंगे।
*आपके जिले व ग्राम में दैनिक आजतक 24 की एजेंसी के लिए सम्पर्क करे +91 91792 42770, 7222980687*