आज होगा बिहार मंत्रिमंडल का विस्तार
बिहार मंत्रिमंडल के विस्तार के लिए आखिरकार भाजपा ने सोमवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को अपने कोटे से मंत्री बनाए जाने वाले नामों की सूची सौंप दी। भाजपा से सूची मिलने के बाद मंगलवार को बिहार मंत्रिमंडल का विस्तार किया जाना तय हो गया है। जदयू से आठ और भाजपा से दस लोगों को मंत्री बनाए जाने की संभावना है।भाजपा की सूची मिलने से महज दो घंटे पहले ही मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा था कि सहयोगी दल से अबतक उनलोगों की सूची नहीं मिली है, जिन्हें मंत्रिमंडल में शामिल किया जाना है। मुख्यमंत्री के वक्तव्य के दो घंटे बाद ही भाजपा ने अपनी सूची नीतीश को सौंप दी। जयंत राज कुशवाहा, जमा खान, सुमित सिंह, श्रवण कुमार, संजय झा, मदन सहनी, सुनील कुमार व लेसी सिंह या बीमा भारती को जदयू कोटे से मंत्री बनाए जाने की चर्चा है। इसके अलावा पूर्व मंत्री लेसी सिंह या फिर बीमा भारती में किसी एक को मंत्री पद मिलने की संभावना है। भाजपा से शाहनवाज हुसैन, नितिन नवीन, सम्राट चौधरी व संजय सरावगी को मंत्री बनाए जाने की चर्चा है। पूर्व केंद्रीय मंत्री शाहनवाज हुसैन हाल ही में विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) बने हैं।