मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजनान्तर्गत, जिले के 13 हजार से अधिक किसानों के खाते में राशि हस्तांरित
बुरहानपुर (अमर दिवाने) - मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजनान्तर्गत आज 27 फरवरी, 2021 को मुख्यमंत्री मध्य प्रदेश शासन शिवराज सिंह चौहान द्वारा राज्य स्तर पर 20 लाख किसानों को रूपये 400 करोड़ वितरण का राज्य स्तरीय कार्यक्रम दमोह जिले से प्रारंभ किया गया। कार्यक्रम का लाईव प्रसारण वीडियो कान्फ्रेंस के माध्यम से बुरहानपुर जिले में जिला स्तर, ब्लॉक स्तर एवं ग्राम पंचायत स्तर पर आयोजित किये गये।
जिला स्तरीय कार्यक्रम जनपद पंचायत बुरहानपुर के सभागृह में आयोजित किया गया। जहां उपस्थित कृषकों, जनप्रतिनिधियों एवं शासकीय अधिकारियों व कर्मचारियों द्वारा कार्यक्रम का लाईव प्रसारण देखा व सुना गया। कार्यक्रम अंतर्गत मुख्यमंत्री द्वारा मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना के तहत जिले के 13 हजार 244 किसानों को 2 करोड़ 64 लाख 88 हजार रूपये की राशि हस्तांतरित की गई।
कार्यक्रम के अवसर पर अपर कलेक्टर शैलेन्द्र सिंह सोलंकी, डिप्टी कलेक्टर श्रीमती हेमलता सोलंकी, उपसंचालक कृषि एम.एस.देवके, उधानीकि उपसंचालक आर.एन.एस.तोमर, जनपद पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी के.के.खेडे़, भू-अभिलेख अधीक्षक खुमान सिंह चौहान, पूर्व महापौर अनिल भोंसले, जनपद पंचायत अध्यक्ष किशोर पाटिल सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, कृषकगण एवं अधिकारी व कर्मचारीगण उपस्थित रहे।