![]() |
| रीवा में स्कूली बच्चों से भरा बैटरी ऑटो पलटा, चार मासूम घायल; एक की हालत गंभीर, दो बच्चों की टूटी हड्डियां |
रीवा। स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर लगातार उठ रहे सवालों के बीच गुरुवार को जवा थाना क्षेत्र के गढ़ा में बड़ा हादसा हो गया। स्कूली बच्चों को लेकर जा रहा बैटरी ऑटो अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। दुर्घटना में चार बच्चे घायल हो गए। घायलों में एक बच्चे की हालत गंभीर बताई जा रही है, जबकि दो बच्चों की हड्डियां टूटने की जानकारी सामने आई है। हादसे के बाद घायल बच्चों के परिजनों में चिंता और आक्रोश का माहौल है।
एक बच्चे की हालत गंभीर, दो की हड्डियां टूटीं
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसे में रौनक कोल पिता भैरव कोल निवासी भीतरी गंभीर रूप से घायल हुआ है। उसकी हालत को देखते हुए परिजन बेहतर उपचार के लिए बाहर ले गए हैं। वहीं आर्यन कोल (10 वर्ष) पिता रोहित कोल निवासी बसरेही, थाना अतरैला की जांघ की हड्डी टूट गई है।
इसके अलावा कोमल चर्मकार (8 वर्ष) पिता रवि चर्मकार निवासी जोहा और कार्तिक वर्मा पिता रवि वर्मा निवासी जोन्हा, थाना अतरैला भी दुर्घटना में घायल हुए हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
बिना पंजीयन नंबर के बच्चों को ढो रहा था ऑटो?
हादसे के बाद दुर्घटनाग्रस्त वाहन की वैधता और स्कूल प्रबंधन की परिवहन व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। बताया जा रहा है कि बैटरी ऑटो ज्ञान गंगा स्कूल का था, जिसका संचालन स्कूल संचालक आशीष कुमार माझी पिता सुदर्शन प्रसाद माझी निवासी गढ़ा के नाम से किया जा रहा था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त ऑटो पर पंजीयन नंबर नहीं था और न ही स्कूल वाहन के रूप में उसके पंजीकरण की जानकारी सामने आई है। ऐसे में सवाल उठता है कि क्या बच्चों को स्कूल लाने-ले जाने के लिए वाहन के आवश्यक दस्तावेज, फिटनेस और सुरक्षा मानकों की जांच की गई थी? यदि वाहन बिना जरूरी अनुमति और दस्तावेजों के संचालित हो रहा था, तो इसकी जिम्मेदारी किसकी होगी?
दैनिक आज तक 24 लगातार उठा रहा बच्चों की सुरक्षा का मुद्दा
दैनिक आज तक 24 द्वारा जुलाई माह से ही स्कूली बच्चों के असुरक्षित परिवहन का मुद्दा प्रमुखता से उठाया जाता रहा है। जिला कलेक्टर, शिक्षा विभाग, स्कूल संचालकों और परिवहन विभाग का ध्यान इस ओर आकर्षित कराया गया, लेकिन गढ़ में हुई दुर्घटना ने एक बार फिर व्यवस्थागत निगरानी पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
अभिभावक अपने बच्चों को बेहतर भविष्य की उम्मीद के साथ स्कूल भेजते हैं। ऐसे में यदि स्कूल आने-जाने के दौरान ही उनकी सुरक्षा खतरे में पड़ जाए, तो यह केवल एक वाहन दुर्घटना नहीं, बल्कि बच्चों के सुरक्षित परिवहन की व्यवस्था पर गंभीर सवाल है।
हादसे के बाद जिम्मेदार विभागों की जवाबदेही तय होगी?
अब जिला प्रशासन, शिक्षा विभाग और परिवहन विभाग के सामने कई सवाल हैं। क्या जिले में संचालित सभी स्कूल ऑटो, ई-रिक्शा और अन्य वाहनों का सत्यापन कराया जाएगा? क्या बिना पंजीयन, फिटनेस और आवश्यक अनुमति के बच्चों का परिवहन करने वाले वाहनों पर कार्रवाई होगी? क्या संबंधित स्कूल प्रबंधन से भी जवाब मांगा जाएगा?
जरूरत है कि जिलेभर में स्कूली बच्चों को लाने-ले जाने वाले वाहनों की विशेष जांच कराई जाए। वाहन चालकों की पात्रता, क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाने, फिटनेस और सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता की भी जांच होनी चाहिए।
बच्चों की सुरक्षा किसी विभागीय औपचारिकता का विषय नहीं है। स्कूल प्रबंधन, परिवहन विभाग, शिक्षा विभाग और जिला प्रशासन को यह सुनिश्चित करना होगा कि बच्चों का सफर सुरक्षित हो। आखिर व्यवस्था की जवाबदेही तय करने के लिए किसी बड़े हादसे का इंतजार क्यों किया जाए?


