मध्य प्रदेश में तीन दिन में पांच डिग्री से नीचे लुढ़क सकता है पारा | MP main teen din main panch degree se niche ludak sakta hai para

मध्य प्रदेश में तीन दिन में पांच डिग्री से नीचे लुढ़क सकता है पारा

मध्य प्रदेश में तीन दिन में पांच डिग्री से नीचे लुढ़क सकता है पारा

भोपाल (ब्यूरो रिपोर्ट) - उत्तर भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के आगे बढ़ने के साथ ही पंजाब और उसके आसपास बना प्रेरित चक्रवात भी समाप्त हो गया है। इससे हवाओं का रुख उत्तरी होने लगा है। हाल ही में उत्तर भारत के पहाड़ों पर अच्छी बर्फबारी हुई है। पंजाब में बारिश भी हुई है। इस वजह से उत्तर भारत की तरफ से आ रही सर्द हवाओं ने एक बार फिर मध्य प्रदेश में सिहरन बढ़ानी शुरू कर दी है। इसके चलते अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट होने लगी है। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक अभी तीन-चार दिन तक तापमान में गिरावट का सिलसिला जारी रहेगा। इस दौरान प्रदेश के उत्तरी क्षेत्र में पारा पांच डिग्री सेल्सियस से नीचे भी जा सकता है।

मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ विज्ञानी पीके साहा ने बताया कि जम्मू-कश्मीर क्षेत्र में पिछले दो दिन से एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय था। उसके असर से वहां जमकर बर्फबारी हुई है। साथ ही पंजाब में कहीं-कहीं बरसात हुई है। उधर पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पंजाब और उसके आसपास हाल ही में एक प्रेरित चक्रवात भी बन गया था। इससे हवाओं का रुख बदल गया था। हवाओं का रुख बदलने से प्रदेश में अधिकतम और न्यूनतम तापमान बढ़ने लगे थे। रविवार को पश्चिमी विक्षोभ के उत्तर भारत से आगे बढ़ जाने से पंजाब पर बना सिस्टम भी समाप्त हो गया है। इससे एक बार फिर हवा का रुख उत्तरी होने लगा है। इससे दिन में वातावरण में सिहरन बढ़ गई है। साहा के मुताबिक सोमवार से पूरे प्रदेश में न्यूनतम तापमान में गिरावट का सिलसिला शुरू होने के आसार हैं। दो-तीन दिन में प्रदेश में कहीं-कहीं तापमान पांच डिग्री सेल्सियस से भी नीचे गिर सकता है।

Post a Comment

Previous Post Next Post