मौसम ने फिर ली करवट, कुछ हिस्सों में बादल छाने के साथ बढ़ने लगा रात का तापमान
भोपाल (ब्यूरो रिपोर्ट) - जनवरी माह में मौसम का मिजाज बार-बार बदल रहा है। इसी क्रम में वर्तमान में उत्तर प्रदेश से गोवा तक एक द्रोणिका लाइन (ट्रफ) बन गई है। इससे वातावरण में नमी आने का सिलसिला शुरू हो गया है। इससे राजधानी सहित मध्य प्रदेश के कई क्षेत्रों में बादल छाने लगे हैं। इससे रात के तापमान में बढ़ोतरी होने लगी है, लेकिन दिन का तापमान कम होने लगा है। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक 22 जनवरी को एक पश्चिमी विक्षोभ के उत्तर भारत में पहुंचने की संभावना है। उसके प्रभाव से हवाओं का रुख बदलेगा। बादल छाएंगे और प्रदेश में कहीं-कहीं बूंदाबांदी भी होने की संभावना है।
वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि वर्तमान में उत्तर प्रदेश से उत्तरी मध्यप्रदेश होकर कोंकण, गोवा तक एक ट्रफ (द्रोणिका लाइन) बना हुआ है। इस सिस्टम के प्रभाव से वातावरण में नमी आने का सिलसिला शुरू हो गया है। इस वजह से राजधानी सहित प्रदेश के कई स्थानों पर बादल छाने लगे हैं। बादल छाने के कारण अधिकतम तापमान में गिरावट होने लगी है, जबकि न्यूनतम तापमान बढ़ने लगे हैं। शुक्ला ने बताया कि हवा का रुख उत्तर-पश्चिमी बना हुआ है। हवा की रफ्तार लगभग 12 किलोमीटर प्रति घंटा बनी हुई है। इस वजह से शाम ढलने के बाद वातावरण में सिहरन बरकरार है। 22 जनवरी को पश्चिमी विक्षोभ के दाखिल होने के बाद फिर मौसम का मिजाज बदलने लगेगा। इस सिस्टम के असर से पंजाब-हरियाणा में बारिश होगी। हवाओं का रुख बदलने से मध्य प्रदेश में भी वातावरण में नमी बढ़ेगी और बादल छाने लगेंगे। इस दौरान कहीं-कहीं बूंदाबांदी भी हो सकती है।