इंदौर में लगातार तीसरे दिन ठंड का असर बरकरार
इंदौर (ब्यूरो रिपोर्ट) - इंदौर में उत्तरी सर्द हवाओं के कारण लगातार तीसरे दिन ठंड का असर बरकरार है। गुरुवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री से कम यानी 7.9 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं अधिकतम तापमान सामान्य से छह डिग्री कम यानी 22.3 डिग्री दर्ज किया गया।
गुरुवार सुबह दस बजे तक 3000 मीटर तक पहुंची और उत्तर पूर्वी हवाएं 12-16 किलोमीटर प्रति घंटा की गति से चली। मौसम विभाग के मुताबिक गुरुवार शाम तक इंदौर में तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिलेगी और इस दिन कोल्ड डे की संभावना कम दिखाई दे रही है। गुरुवार को मध्यप्रदेश के खजुराहो में न्यूनतम तापमान तीन डिग्री, सतना में न्यूनतम तापमान 3.7 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं ग्वालियर-चंबल संभाग और खजुराहो में कोहरे का असर दिखाई दिया।
भोपाल स्थित मौसम केंद्र के मौसम विज्ञानियों के मुताबिक गुरुवार शाम से इंदौर में हवाओं का रुख उत्तरी से उत्तरी पश्चिमी होगा। इस कारण इंदौर को कोल्ड डे से राहत मिलने की उम्मीद है। गौरतलब है कि इंदौर में पिछले दो दिन से कोल्ड डे की स्थिति बनी हुई है। जानकारों के मुताबिक जब न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से कम हो और अधिकतम तापमान सामान्य से 4.5 डिग्री से 6.4 डिग्री तक कम हो तो उसे कोल्ड डे या शीतल दिन कहा जाता है। जब अधिकतम तापमान सामान्य से 6.4 डिग्री से अधिक कम हो जाता है तो उसे सीवियर कोल्ड डे या तीव्र शीतल दिन कहा जाता है। मालूम हो कि अब भी लोगों को दोपहर में गर्म कपड़ों की कमी महसूस हो रही है।