सांसद लालवानी के घर प्रदर्शन करेंगे कांग्रेसी
इंदौर (ब्यूरो रिपोर्ट) - किसान कानूनों के खिलाफ दिल्ली सीमा पर डटे किसानों के समर्थन में इंदौर में भी राजनीति शुरू हो गई है। युवा कांग्रेस बुधवार शाम सांसद शंकर लालवानी के सरकारी आवास पर विरोध प्रदर्शन करेगी। विरोध की कमान युवा कांग्रेस संभाल रही है। शाम को होने वाले प्रदर्शन में युवा कांग्रेस के पदाधिकारी टॉर्च लेकर सांसद के घर प्रदर्शन में पहुंचेंगे।
युवा कांग्रेस के शहर अध्यक्ष रमीज खान, जिला अध्यक्ष दौलत पटेल, उपाध्यक्ष तत्सम भट्ट के साथ प्रदेश के तमाम पदाधिकारियों को प्रदर्शन में शामिल होने का निर्देश दिया गया है। मंगलवार शाम को कांग्रेस मुख्यालय दिल्ली से यह निर्देश दिए गए। युवा कांग्रेस के पदाधिकारियों ने कहा कि किसान कानूनों पर संसद में चर्चा से बचने के लिए सरकार ने संसद का शीतकालीन सत्र भी रद कर दिया है। जनता की जवाबदेही से बचने वाली सरकार को अंधेरे से प्रकाश की और ले जाने की कामना कांग्रेस कर रही है। टॉर्च और मोबाइल फ्लैश लाइट के साथ होने वाले प्रदर्शन में कांग्रेसी सांसद से मांग करेंगे की वे सरकार पर दबाव बनाए की शीतकालीन सत्र हो, साथ ही किसान कानूनों को वापस लिया जाए।
गौरतलब है कि इसी महीने प्रदेश में युवा कांग्रेस के चुनाव संपन्न हुए है। हाल ही में प्रदेश से लेकर जिले तक नये पदाधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई। नई कार्यकारिणी के द्वारा किया जाने वाला पहला प्रदर्शन है। लिहाजा दबाव है कि खासी भीड़ जुटाई जाए। दिल्ली से अचानक मिले निर्देशों के बाद युवा कांग्रेस के पदाधिकारियों के सामने भी पहले प्रदर्शन को लेकर दबाव है। शाम से लेकर रात तक पदाधिकारी कार्यकर्ताओं को जमा होने के लिए संदेश देते रहे। दो दिन पहले कांग्रेस के स्थापना दिवस समारोह पर ही पदाधिकारी गायब रहे थे। ऐसे में अब एकता दिखाने का दबाव भी कांग्रेस नेताओं पर बना हुआ है। मुख्यालय के निर्देश पर होने वाला प्रदर्शन यदि फीका रहा तो नई कार्यकारिणी को लेकर संगठन में भी विपरीत संदेश जाएगा।