टेक्समो पाइप फैक्टरी के पास एमपी-महाराष्ट्र मुख्य मार्ग पर जल्द बने पुलिया
भाजपा जिलाध्यक्ष मनोज लधवे ने कलेक्टर को सौंपा पत्र
बुरहानपुर। (अमर दिवाने) - भाजपा के जिलाध्यक्ष मनोज लधवे शहर की समस्याओं को लेकर गंभीरता दिखा रहे हैं। उन्होंने कलेक्टर प्रवीण सिंह को पत्र भेजकर बहादरपुर रोड स्थित टेक्समो पाइप फैक्ट्री के समीप मुख्य मार्ग पर पुलिया निर्माण के लिए प्रस्ताव बनाकर स्वीकृत कराने का आग्रह किया।
पत्र में उन्होंने कहा कि कलेक्टर कार्यालय से होते हुए बहादरपुर-लोनी जाने वाले अंकलेश्वर राजमार्ग पर टेक्समो कंपनी के सामने बहने वाले नाले के कारण बारिश का पानी जमा होने से आवागमन बाधित होता है। मार्ग के दोनो ओर बहने वाले नाले पर बडी पुलिया न होने के कारण आए दिन मार्ग बाढ और जलभराव की स्थिति में बंद रहता है। जिससे यातायात की परेशानी भी खडी हो जाती है। इसलिए इस मार्ग पर पुलिया का निर्माण किया जाना जरूरी हो गया है। श्री लधवे ने बहादरपुर रोड पर हुए गड्डों को जल्द भरने का आग्रह भी किया।
सिंधीबस्ती से कलेक्टर कार्यालय तक स्ट्रीट लाइट चालू कराने की मांग
भाजपा जिलाध्यक्ष मनोज लधवे ने कलेक्टर से सिंधीबस्ती से कलेक्टर कार्यालय मांर्ग पर बंद पडी स्ट्रीट लाइटें भी चालू कराने की मांग की है। पत्र में उन्होंने कहा कि लंबे समय से सिंधी बस्ती से कलेक्टर कार्यालय तक जाने वाले मार्ग की स्ट्रीट लाइटें बंद हैं। यह मार्ग शहर के व्यस्ततम मार्गों में शामिल है। जहां से इंदिरा कॉलोनी, कलेक्टर कार्यालय, जिला पंचायत, जिला अस्पताल तथा महाराष्ट्र तक जाने वाले यात्री व भारी वाहन आवागमन करते हैं। स्ट्रीट लाइट बंद होने के कारण मार्ग पर दुर्घटना का अंदेशा बना रहता है। उन्होंने कलेक्टर से स्ट्रीट लाइटें भी चालू कराने की मांग की।
Tags
burhanpur


