होली पर किसानों को मिली सरकार से सौगात, ऋण माफ होने से बेरंग जीवन में लौटे खुशियों के रंग
उज्जैन (रोशन पंकज) - प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री कमल नाथ द्वारा पूरे प्रदेश में चरणबद्ध तरीके से चलाई जा रही ‘जय किसान फसल ऋण माफी योजना’ से किसानों में खुशी की लहर दौड़ पड़ी है। पहले कर्ज के कारण जिन किसानों के चेहरे पर तनाव और हताशा साफ नजर आती थी, वहीं उन चेहरों पर अब रौनक साफ देखी जा सकती है। वैसे तो त्यौहार सभी के जीवन में खुशियां लेकर आते हैं, लेकिन इस बार होली के त्यौहार पर मध्य प्रदेश सरकार ने उज्जैन के किसानों को बहुत बड़ी सौगात बतौर ऋण माफी दी है।
जय किसान फसल ऋण माफी योजना से ऋणमुक्त हुए किसानों की बेरंग जिन्दगी में खुशियों के रंग वापस लौटे हैं। हाल ही में उज्जैन के घट्टिया, खाचरौद और बड़नगर विकास खण्ड में आयोजित जय किसान फसल ऋण माफी योजना कार्यक्रम के अन्तर्गत प्रदेश के कृषि मंत्री श्री सचिन सुभाष यादव द्वारा किसानों को ऋण माफी प्रमाण-पत्र वितरित किये गये।
इस बार बड़े धूमधाम से मनायेंगे होली
घट्टिया के ग्राम निपानिया गोयल निवासी किसान सुन्दरलाल पिता देवीसिंह का 97 हजार 943 रुपये का कर्ज शासन द्वारा माफ किया गया है। यह कर्ज उन पर पिछले दो सालों से था। उन्होंने बताया कि कर्ज के कारण हर त्यौहार उन्हें और उनके परिवार को फीका-फीका सा लगता था। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण वे कोई भी त्यौहार हर्षोल्लास के साथ नहीं मना पाते थे। पिछले साल भी होली के त्यौहार की खुशियां फीकी रह गई थी, लेकिन इस बार होली के ठीक पहले ऋण माफ हो जाने से सुन्दरलाल और उनका पूरा परिवार बड़े धूमधाम से होली का त्यौहार मनायेगा।
घट्टिया के नजरपुर के किसान भारतसिंह पिता भंवरसिंह भी सुन्दरलाल की बातों से इस्तेफाक रखते नजर आये। उनका कहना था कि होली एक ऐसा त्यौहार है, जो सबके निरस जीवन में खुशियां, उमंग और रंग लेकर आता है। पहले भारतसिंह को लगता था कि ये सिर्फ ऊपरी तौर पर कहने-सुनने की बातें हैं, जो सिर्फ त्यौहारों पर अखबारों में छपने वाले लेखों की भाषा को अलंकृत करती है, लेकिन इस बार किसान भारतसिंह को भी इस तरह का एहसास होने लगा है, जब उनके सिर पर 70 हजार रुपये का कर्ज था तो उन्हें होली के रंग भी फीके लगते थे, लेकिन अब शासन द्वारा ऋण माफ किये जाने से भारतसिंह और उनके पूरे परिवार के लिये होली का त्यौहार खुशियां लेकर आया है।
जहां तक रंग लगाने की बात है तो इस बार भारतसिंह होली पर रंग तो खेलेंगे ही लेकिन उसके ठीक पहले अपना कर्ज माफ हो जाने से उनके चेहरे पर आई गुलाबी रंगत साफ देखी जा सकती है। निश्चित रूप से रंगों के पर्व पर मध्य प्रदेश सरकार ने ऋण माफ कर किसानों के जीवन में खुशियों के पक्के रंग भर दिये हैं।
Tags
dhar-nimad
