थान्दला में लगा रोजगार मेला - कम्पनियों ने लिये इंटरव्यू दिया काम का ऑफर
प्रधानमंत्री कौशल केंद्र पर आयोजित मेले में युवाओं को मिला रोजगार
थान्दला (कादर शेख) - केंद्र सरकार की अतिमहत्वाकांक्षी रोजगारोन्मुखी योजना में शुमार प्रधानमंत्री कौशल केन्द्र पर जिले के थान्दला में रोजगार मेले का आयोजन किया गया, जिसमें युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए गए। जानकारी देते हुए संस्था के स्पोक पर्सन भूपेंद्र करमदिया, सेन्टर मैनेजर लेखा मंसारे व प्रोजेक्ट कॉर्डिनेटर शिवम राजन वर्मा ने बताया कि मेले में प्रतिभा सिंटेक्स प्रालि। पीथमपुर, इन्टरनासिया मार्केटिंग, बांसवाड़ा, बिरला कारपोरेशन, आरव कंट्रक्शन लिमिटेड, कियोस्क ऑनलाइन सेंटर आदि 5 से अधिक कंपनियों ने हिस्सेदारी निभाई और युवाओं को उनकी क्षमता के अनुसार रोजगार के अवसर दिए। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि नगर परिषद अध्यक्ष बंटी डामोर, जनपद सीईओ आर. सी. हालु, राष्ट्रीय मानवाधिकार एवं महिला बाल विकास आयोग के प्रदेशाध्यक्ष पवन नाहर, वार्ड क्रमांक 11 के पार्षद आनंद चौहान आदि के आतिथ्य में उनको सम्मानित करते हुए हुई।
इस अवसर पर नगर परिषद अध्यक्ष बंटी डामोर ने कहा कि सरकार ने युवाओं को रोजगार व स्वावलम्बी बनाने के लिये प्रधानमंत्री कौशल केंद्र की शुरुआत की है। इसमें युवाओं को उनकी रुचि के अनुसार कोर्स करवा कर कम्पनियों को भी यही बुलाकर सीधा लाभ दिया जा रहा है। इस अवसर पर संस्था द्वारा दिया जाने वाला प्रमाण पत्र भी महत्वपूर्ण है जिससे इन्हें भविष्य में रोजगार प्राप्त करने में सहायता मिलेगी। इस अवसर पर जनपद सीईओ ने कहा कि प्रशासन हर प्रकार से युवाओं के साथ खड़ा है। युवाओं को उद्योग आदि स्थापित करने में व स्वयं के रोजगार के लिये शासकीय भूमि उपलब्ध करवाना व बैंकों से ऋण उपलब्ध करवाना भी प्राथमिकता है। इसके लिये केंद्र की प्रबंधन समिति भी प्रयासरत है जिसके लिये उन्हें हार्दीक बधाई। कार्यक्रम में पवन नाहर ने भी सम्बोधित करते हुए कहा कि ग्रामीण अंचल में सुविधाओं का व आधुनिकता का आभाव रहता है लेकिन जब केंद्र व राज्य सरकार इस तरह की योजनाएं संचालित करती है तो निश्चित उसका लाभ आभाव व निम्न वर्ग के ग्रामीण युवाओं को भी मिलता है।
उन्होंने संस्था के सपोक पर्सन, सेंटर मैनेजर सहित पूरे स्टॉफ की प्रशंसा करते हुए युवाओं को उन्नति व सफलता की शुभकामनाएं दी। ज्ञातव्य है कि पूरे देश मे 1200 से अधिक प्रधानमंत्री कौशल केंद्र संचालित हो रहे है। झाबुआ जिले के थान्दला में संचालित प्रधानमंत्री कौशल केंद्र पर आयोजित इस मेले में 400 से अधिक विद्यार्थियों ने नामांकन किया था, जिन्हें अलग-अलग प्रशिक्षण दिया गया। सरकार द्वारा कौशल केंद्र के माध्यम से युवाओं को रोजगारोन्मुखी कोर्स कराकर स्वयंसेवी बनाने का प्रयास किया जा रहा है, सभी को कोर्स पूर्ण करने पर ग्रेड अनुसार संस्था का प्रमाणपत्र व किट प्रदान की गई। साथ ही इन कोर्सों के करने पर आर्थिक सहायता भी दी जाती है।
Tags
jhabua


