जिलापंचायत भवन का भूमि पूजन समारोह विवादित | Jila panchayat bhavan ka bhumi poojan samaroh vivadit

जिलापंचायत भवन का भूमि पूजन समारोह विवादित

जिलापंचायत भवन का भूमि पूजन समारोह विवादित

बालाघाट (देवेन्द्र खरे) - म.प्र.शासन के कृषिमंत्री सचिन सुभाष यादव , जिले के प्रभारी ग्रामीण विकास मंत्री कमलेश्वर पटेल , विस उपाध्यक्ष सुश्री हिना कावरे , विस अवर सचिव मुकेश जोशी , खनिज मंत्री प्रदीप जायसवाल , विधायक तामलाल सहारे , विधायक संजय उइके , पूर्व विधायक मधु भगत , पूर्व सांसद एवं जिलाध्यक्ष कांग्रेस कमेटी विश्वेश्वर भगत , कलेक्टर दीपक आर्य , सीईओ रजनी सिंह सहित जिला पंचायत सदस्य रोहिणी हरिनखेड़े के साथ विशिष्ठ अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष रेखा बिसेन , विधायक रामकिशोर कावरे एवं गणमान्य जनप्रतिनिधियों के साथ आरईएस , पीडब्लूडी , कृषि विभाग , खाद्य विभाग , के जिला अधिकारियों की उपस्थिति में नवीन जिला पंचायत भवन का भूमि पूजन समारोह संपन्न हुआ ।
                 
जिला पंचायत सीईओ रजनी सिंह ने कार्यक्रम की शुरूआत करते हुए बताया कि वर्तमान में जिला पंचायत कार्यालय जनपद पंचायत के के भवन में लग रहा है बहुप्रतीक्षित मांग थी कि जिला पंचायत का अपना भवन होना चाहिये जिसके परिणाम स्वरूप शासन ने कलेक्टर परिसर के पीछे जमीन मुहैया कराते हुए नवीन भवन निर्माण हेतु ३करोड़ ४लाख ३९ हजार रूपये की प्रशासकीय स्वीकृति दी है जिसके तहत शीघ्रतापूर्वक निर्माण कार्य किया जायेगा । 
           
कार्यक्रम की उद्घोषणा करने वाली सुषमा नाविक ने अकस्मात ही बिना प्रक्रिया का पालन किये मंचासीन विधायक(भाजपा) रामकिशोर कावरे को संबोधन हेतु आमंत्रित कर लिया इतना सुनते ही मंचासीन विस अवर सचिव मुकेश जोशी बिलबिला कर उठ खड़े हुए और उदबोधन करने से रोकने लगे  मंच पर बैठे प्रभारी मंत्री , विस उपाध्यक्ष भी विधायक कावरे को बैठने के लिये कहने लगे लेकिन विधायक कावरे इस बात पर अड़ गये कि मेरा नाम पुकारा गया है तो मैं सभा को संबोधित करूंगा इतना कहते हुए विधायक कावरे ने माईक पकड़ कर बोलना शुरू कर दिया इस बीच मंच पर गहमागहमी चलती रही जिसे शांत करने के लिये कलेक्टर को स्वयं अपनी सीट छोड़कर मंचासीनों तक जाना पड़ा इस दौरान विधायक कावरे मप्र सरकार की किसान नीतियों पर प्रहार करते रहे सभा में बमुश्किल पचास कांग्रेसियों के अलावा लगभग दो सौ शासकीय सेवकों के बीच माहौल में गरमी हो गई । अभी किसी तरह माहौल की गरमी में ठंडक आयी ही थी कि कलेक्टर दर पर कार्य करने वाली उदघोषक ने सीधे जिला पंचायत अध्यक्ष रेखा बिसेन (भाजपा) को संबोधित करने के लिये माईक पर बुला लिया श्रीमती रेखा बिसेन ने माईक संभालते ही मप्र सरकार के कृषि मंत्री सचिन यादव को घेरते हुए कहा कि कृषक सम्मान समारोह और ऋण माफी का कार्यक्रम जिला मुख्यालय में किया जाना चाहिये था लांजी मुख्यालय में कृषक कल्याण कार्यक्रम किया जाना कदापि उचित नहीं ठहराया जायेगा इतना सुनते ही मंचासीन प्रभावी मंत्रियों सहित उपस्थित कांग्रेसियों को सांप सूंघ गया । जरा भी चीं पटाक किये बगैर उपस्थित गणमान्य मुंह बायें किये बैठे रहे। उदघोषक के साथ सेवानिवृत्त एडीओ बसंत रामेकर भी मंच पर उपस्थित रहकर उदघोषक के कान फूंकते नजर आ रहे थे । नवीन भवन का भूमिपूजन कार्यक्रम उपस्थित कांग्रेसियों के लिये गले ही हड्डी बनकर रह गया वे ना तो उगल पा रहे थे और ना ही निगल पा रहे थे इसबीच कार्यक्रम आयोजक मंच के बीच में जा जा कर अपनी सफाई देनें में लगे नजर आये ।

Post a Comment

Previous Post Next Post