गणतंत्र दिवस के सांस्कृतिक कार्यक्रम में न्यू हिमालया स्कूल के बच्चों की मार्मिक प्रस्तुति देख भाव विभोर हुए दर्शक
थांदला (कादर शेख) - न्यू हिमालया के बच्चों द्वारा गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान बहुत ही मार्मिक प्रस्तुति दी गई, जिसमे एक लड़की पर हुए एसिड हमले ओर उसकी पीड़ा को दर्शाया एवं प्रशासन को अवगत कराने की कोशिश की जिससे खुले आम एसिड की बिक्री पर रोक लगाई जा सके। दशहरा मैदान में हुए गणतंत्र दिवस आयोजन पर न्यू हिमालया के बच्चों ने प्रस्तुति में मार्मिक कथन बोले जिसमें कहा कि वह सिर्फ 15 साल की थी और बड़ी होकर एक कामयाब सिंगर बनना चाहती थी। मगर सिर्फ एक 'नाÓ यानी की इनकार ने उसके सारे सपनों को जला कर रख दिया और उसकी जिंदगी बदल गई। उसके उपर हमला हुआ। वह भी ऐसा-वैसा हमला नहीं बल्कि वो हमला जो जिस्म के साथ-साथ आत्मा भी जला देता है। इस हमले के जख्म से रिसने वाले मवाद तो एक समय के बाद बंद हो जाते हैं। मगर इसका दर्द पूरी जिंदगी रिसता रहता है। इस हमले में हो सकता है कि शिकार होने वाले की जान चली जाए। अगर वो बच गया तो समाज उसे दोयम दर्जे का नागरिक बना देता है। जिंदगी बेहद बोझिल व दर्दनाक हो जाती है और वो तिल-तिल कर जीने को मजबूर हो जाता है। हम बात कर रहे हैं लक्ष्मी अग्रवाल और उसके जैसी अनेक लड़कियों की ओर उनके उपर हुए एसिड अटैक की। समाज मे हमेशा से लड़कियों को पीड़ा सहन करनी पड़ रही है एवं एसिड अटैक एक बहुत ही दर्दनाक हादसा है जो किसी भी लड़की के साथ हो सकता है। इस प्रस्तुति को देखने के लिए नगर की सभी निजी व सरकारी स्कूलों के बच्चों के साथ नागरिक भी मौजूद थे, दर्शकों की आंखे नम हो गई एवं स्कूल ने सीनियर वर्ग में द्वितीय स्थान प्राप्त कर संस्था को गौरवान्वित किया।
Tags
jhabua
