मनसा महादेव के व्रत करती महिलाओं में अपार उत्साह
थांदला (कादर शेख) - श्रावण मास की चतुर्थी से शुरू होने वाला मनसा महादेव (सोलह सोमवार) व्रत मंगलवार को श्रद्धा और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ शुरू होते ही प्रत्येक सोमवार को नगर के प्रमुख शिवालयों में प्रातः 4 बजे से पूजा-अर्चना के साथ दिनभर जयकारे गूंजते रहे और श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा।
स्थानीय बावड़ी मन्दिर के महंत गोपालदासजी महाराज व गणेश मंदिर के पंडित कान्तिलाल पाठक ने बताया कि घर-परिवार में सुख-समृद्धि की मंगल कामना व मन इच्छित फल व वर की प्राप्ति को लेकर किया जाने वाला मनसा महादेव व्रत आगामी कार्तिक शुल्क चौथ (मनसा महादेव चौथ) 31 अक्टोबर गुरुवार के दिन इस व्रत का उद्यापन किया जाएगा। मनसा व्रत करने वाली महिलाएं युवतियां व पुरुष हाथों में पूजा का थाल सजाए जिसमें कुमकुम, अक्षत, धूप बत्ती, चावल, ढाई पोनी सूत का धागा, सुपारी, पुष्प, नारियल लेकर शिव धाम पहुंचे। यहां वैदिक मंत्रों व शिव गूंज के साथ पूजन-अर्चन व भगवान शिव पार्वती का अभिषेक किया। इसके बाद श्रद्धालुओं ने व्रत कथा का वाचन व श्रवण किया। श्रीफल वधेर कर प्रसाद के रूप में वितरण किया। व्रत को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा गया है।
Tags
jhabua
