एक लाख के जेवर लूटे फिर कर दी हत्या | 1 Lakh ke jevar loot fir kr di hatya

एक लाख के जेवर लूटे फिर कर दी हत्या

एक लाख के जेवर लूटे फिर कर दी हत्या

डिंडौरी (पप्पू पड़वार) - डिंडौरी कोतवाली अंतर्गत ग्राम सिमरिया निवासी 50 वर्षीय महिला की हत्या कर लूट की वारदात को अज्ञात आरोपियों ने अंजाम दिया। बताया गया कि महिला बिद्दी बाई पति मदन सिंह राठौर निवासी बनिया मोहल्ला सिमरिया शनिवार की सुबह लगभग 11 बजे घास लेने खेत गई हुई थी। महिला जब गट्ठे में घास लेकर वापस घर की ओर आ रही थी, तभी रास्ते में अज्ञात आरोपियों ने महिला की हत्या कर जेवर लूट लिए। आरोपितों ने महिला के सिर पर प्रहार करने के साथ रस्सी से गला भी घोंटा दिया। मृतक महिला के सिर में चोट के निशान के साथ गले में रस्सी के निशान भी हैं। दोपहर लगभग डेढ़ बजे गांव के ही एक बालक द्वारा मेढ़ के नीचे महिला का शव पड़े देखकर इसकी सूचना ग्रामीणों को दी गई। घटनास्थल पर पहुंचकर ग्रामीणों ने महिला की शिनाख्त की।

एक लाख के जेवर लूटे फिर कर दी हत्या

दोपहिया वाहन से आए थे आरोपित

बताया गया कि महिला गले में सोने की चार अद्घी, कान में सोने के टॉप्स और नाक में सोने की ही फुलिया पहनी हुई थी। लगभग एक लाख से अधिक का सोना पार करने का मामला सामने आ रहा है। लोगों ने बताया कि कुछ बच्चों ने दो अज्ञात लोगों को दो पहिया वाहन से खेत की ओर जाते देखा था। वारदात के बाद गांव में दहशत का माहौल है। सूचना मिलने पर कोतवाली प्रभारी सीके सिरामे पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल लाया गया। पुलिस ने अज्ञात आरोपितों पर मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

वारदात के बाद गांव में दहशत

परिजनों ने बताया कि गांव में किसी से कोई विवाद नहीं था। आरोपितों ने महिला की हत्या करने के बाद पहने हुए सोने के जेवर निकाल लिए और फरार हो गए। अज्ञात आरोपितों के गाड़ासरई की ओर भागने की भी चर्चाएं हैं। मृतक महिला के दो बेटे और तीन बेटी हैं, जिनकी शादी हो चुकी है। परिजनों ने बताया कि महिला घर में ही रहती थी। शनिवार को ही वह घास लेने खेत चली गई और यह वारदात हो गई। दिनदहाड़े वारदात होने से इस मामले में कई तरह के सवाल खड़े हो रहे हैं। लोगों में दहशत का माहौल नजर आ रहा है। आशंका यह भी व्यक्त की जा रही है कि आरोपितों ने महिला को सोना पहने देखा और वारदात को अंजाम दे दिया।

शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंपा जा रहा है। मामले की जांच की जा रही है। पुलिस शीघ्र ही मामले का खुलासा करने का प्रयास कर रही है।

सीके सिरामे, कोतवाली प्रभारी डिंडौरी।

Post a Comment

Previous Post Next Post