जेल कर्मचारी ने जेलर को मारने के लिए कैदी को दी सुपारी
मुरैना (संजय दीक्षित) - अम्बाह जेल में बंद एक कैदी ने बड़ा ही सनसनीखेज खुलासा किया है। जिसमें जेल के ही कर्मचारी ने उन्हें गोली मारने की सुपारी दी ।इस सारी घटना की सच्चाई उस वक्त सामने आई जब शनिवार को दो कैदियों के बीच मारपीट हुई तो जेलर ने पूछताछ के लिए एक कैदी को बुलाया और सारी घटना के बारे में जानकारी ली। जानकारी के अनुसार जेल में बंद कैदी सतीश पवैया की अंकित शर्मा ने शनिवार को मारपीट कर दी। जब वह मैस के पास खड़ा हुआ था। सतीश पवैया की एमएलसी कराने के बाद जेल प्रबंधन ने पुलिस को सूचना दी तो अंकित शर्मा के खिलाफ मामला भी दर्ज किया गया है। इसके बाद दोपहर के वक्त जब जेलर सुनील शर्मा ने कैदी अंकित शर्मा को अपने पास बुलाकर पूछताछ की तो उसने बताया कि मैं सतीश पवैया को मारना चाहता था अगर उसे जेल के अंदर नहीं मारूंगा तो जेल के बाहर जाकर मारूंगा। इस पर जेलर ने कहा कि कुछ भी हो लेकिन जेल में शांति बनाए रखो। यह सुनकर अंकित शर्मा ने कहा कि शांति तो आपके स्टाफ के लोग ही नहीं चाहते हैं। तभी वहां खड़े एक जेल कर्मचारी का नाम लेते हुए कहा कि आपके ही कर्मचारी ने मुझे आपको गोली मारने की सुपारी दी थी। तभी वहां से कर्मचारी चला गया।जेलर सुनीत शर्मा ने बताया कि जान से मारने की सुपारी के मामले में फिलहाल वरिष्ठ अधिकारियों के द्वारा जाँच की जाएगी।
Tags
murena
