कलेक्टर ने ली नगरीय निकायों के अधिकारियों की बैठक | Collector ne li nagriy nikayo ke adhikariyo ki bethak

कलेक्टर ने ली नगरीय निकायों के अधिकारियों की बैठक

कलेक्टर ने ली नगरीय निकायों के अधिकारियों की बैठक

संपत्ति कर एवं जलकर की शत प्रतिशत वसूली करने के निर्देश

बालाघाट (टोपराम पटले) - कलेक्टर श्री दीपक आर्य ने आज 24 अगस्त को जिले के नगरीय निकाय बालाघाट, वारासिवनी, मलाजखंड, कटंगी, बैहर एवं लांजी के अधिकारियों की बैठक लेकर संपत्ति कर एवं जलकर की वसूली की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के कार्यों की भी समीक्षा की। बैठक में सहायक कलेक्टर श्री अक्षय तेम्रावाल, जिला शहरी विकास अभिकरण के परियोजना अधिकारी श्री गजानंद नाफडे एवं सभी नगरीय निकायों के मुख्य नगर पालिका अधिकारी एवं राजस्व निरीक्षक मौजूद थे। 
कलेक्टर श्री आर्य ने बैठक में सबसे पहले नगरीय निकायों की वार्ड वार चालू वर्ष की वसूली का लक्ष्य एवं पिछले वर्ष की बकाया वसूली की जानकारी प्राप्त की और सभी नगरीय निकायों में संपत्ति कर व जलकर की बड़ी राशि की वसूली नहीं होने पर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि नगरीय निकायों को अपनी आय बढ़ाने के लिए संपत्ति कर एवं जलकर की शत प्रतिशत वसूली करना होगा। इस कार्य में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी।

राजस्व निरीक्षकों का वेतन रोकने के निर्देश
कलेक्टर श्री आर्य ने संपत्ति कर एवं जलकर वसूली करने वाले राजस्व निरीक्षकों को दो टूक शब्दों में चेतावनी दी कि यदि उनके द्वारा संपत्ति कर एवं जलकर की राशि वसूल नहीं की जायेगी तो उनका वेतन भुगतान नहीं किया जायेगा और उनके विरूद्ध निलंबन की कार्यवाही की जायेगी। राजस्व निरीक्षक जिस अनुपात में संपत्ति कर एवं जलकर की वसूली करेंगें उन्हें उसी अनुपात में वेतन का भुगतान किया जायेगा। अब तक चालू वर्ष 2019-20 की 50 प्रतिशत वसूली हो जाना चाहिए था और पिछले वर्ष के बकाया कि शत प्रतिशत वसूली हो जाना चाहिए था। उन्होंने नगरीय निकाय बालाघाट के वार्ड क्रमांक 04, 12, 15, 16 एवं 29 में संपत्ति कर एवं जलकर की बहुत कम राशि वसूल किये जाने पर इन वार्डों के प्रभार वाले राजस्व निरीक्षकों का वेतन रोकने के निर्देश दिये। 

20 प्रतिशत से कम वसूली पर रूकेगा वेतन
कलेक्टर श्री आर्य ने नगरीय निकायों के सभी अधिकारियों को सख्त निर्देश दिये कि वे अपने क्षेत्र में संपत्ति कर एवं जलकर की बकाया वसूली के लिए नियमित रूप से अभियान चलायें। एक माह के भीतर पिछले वर्ष की बकाया की शत प्रतिशत वसूली हो जाना चाहिए और चालू वर्ष की वसूली 20 प्रतिशत से अधिक होना चाहिए। तभी वार्ड के वसूली प्रभारी राजस्व निरीक्षक का वेतन आहरित किया जायेगा। जो राजस्व निरीक्षक वसूली नहीं कर पायेगा उसे लांजी के नगरीय क्षेत्र में वसूली करने के लिए भेज दिया जायेगा। 

कटंगी के सीएमओ को कारण बताओ नोटिस जारी
समीक्षा बैठक में नगर पंचायत कटंगी के मुख्य नगर पालिका अधिकारी राधेश्याम चौधरी बैठक के निर्धारित एजेंडा के अनुसार संपत्ति कर एवं जलकर की वसूली संबंधी जानकारी लेकर उपस्थित नहीं हुए थे और न ही उनके द्वारा वसूली के संबंध में संतोषप्रद जवाब दिया गया। इस पर कलेक्टर श्री आर्य ने कड़ी नारागजी व्यक्त की और मुख्य नगर पालिका अधिकारी राधेश्यााम चौधरी को कारण बताओ नोटिस जारी किया है कि क्यों न इस लापरवाही के लिए उनके विरूद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही प्रस्तावित की जाये। श्री चौधरी को तीन दिनों के भीतर समक्ष में उपस्थित होकर अपना जवाब प्रस्तुत करने कहा गया है। 

नगरीय क्षेत्रों में स्वच्छता बनाये रखने के निर्देश
कलेक्टर श्री आर्य ने बैठक में नगरीय निकायों के मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने नगरीय क्षेत्र में स्वच्छता एवं पेयजल प्रदाय व्यवस्था का विशेष ध्यान रखें। नगरीय क्षेत्रों के प्रत्येक वार्डों में नियमित रूप से सफाई होना चाहिए। नगरीय क्षेत्रों में प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत बनाये जा रहे आवासों के हितग्राहियों को उनके काम की प्रगति के अनुसार शीघ्र किश्त का भुगतान करने के निर्देश दिये गये।

Post a Comment

Previous Post Next Post