रीवा ज्ञानोदय ट्राइबल छात्रावास में अव्यवस्थाओं पर फूटा छात्रों का गुस्सा, परीक्षाएं छोड़ कलेक्ट्रेट पहुंचे सैकड़ों विद्यार्थी

रीवा ज्ञानोदय ट्राइबल छात्रावास में अव्यवस्थाओं पर फूटा छात्रों का गुस्सा, परीक्षाएं छोड़ कलेक्ट्रेट पहुंचे सैकड़ों विद्यार्थी

रीवा - जिले के ज्ञानोदय ट्राइबल छात्रावास में व्याप्त कथित अव्यवस्थाओं और दुर्व्यवहार से परेशान सैकड़ों छात्र बुधवार दोपहर अपनी परीक्षाएं छोड़कर कलेक्टर कार्यालय पहुंच गए। स्कूल यूनिफॉर्म में पहुंचे विद्यार्थियों ने छात्रावास अधीक्षक के खिलाफ गंभीर शिकायतें करते हुए कलेक्टर से तत्काल कार्रवाई की मांग की। छात्रों के अचानक कलेक्ट्रेट पहुंचने से कुछ समय के लिए परिसर में हलचल मच गई। विद्यार्थियों के पीछे-पीछे विद्यालय के प्राचार्य और छात्रावास अधीक्षक भी पहुंचे तथा उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन छात्र कलेक्टर से मुलाकात करने की मांग पर अड़े रहे।

कलेक्ट्रेट के हॉल में विद्यार्थियों के बैठने की जानकारी मिलने पर कलेक्टर अपने कक्ष से बाहर आए और सीधे बच्चों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनीं। बातचीत के दौरान छात्रों ने आरोप लगाया कि छात्रावास अधीक्षक उनके साथ अभद्र व्यवहार करते हैं और बातचीत के दौरान गाली-गलौज एवं अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल करते हैं। विद्यार्थियों का कहना था कि छात्रावास में रहने वाले बच्चों के साथ इस तरह का व्यवहार उचित नहीं है।

मीनू के अनुसार भोजन नहीं, शौचालयों की हालत भी खराब

छात्रों ने कलेक्टर को बताया कि शासन द्वारा निर्धारित मीनू के अनुसार उन्हें भोजन उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है। इस संबंध में अधीक्षक और प्राचार्य से कई बार शिकायत की गई, लेकिन उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ। विद्यार्थियों ने छात्रावास में साफ-सफाई की बदहाल स्थिति का मुद्दा भी उठाया। उनका आरोप था कि परिसर में जगह-जगह गंदगी फैली हुई है और शौचालय भी ठीक से काम नहीं कर रहे हैं। इसके बावजूद विद्यालय प्रबंधन द्वारा व्यवस्थाओं में सुधार के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए गए।

कलेक्टर ने लिया तत्काल एक्शन

विद्यार्थियों की शिकायतें सुनने के बाद कलेक्टर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए छात्रावास अधीक्षक को निलंबित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बच्चों को समझाइश देते हुए कहा कि उनकी समस्याओं का समाधान एक फोन के माध्यम से भी कराया जा सकता था। इसके लिए उन्हें अपनी परीक्षाएं छोड़कर कलेक्ट्रेट आने की आवश्यकता नहीं थी।

घटना ने छात्रावासों में रहने वाले आदिवासी विद्यार्थियों की बुनियादी सुविधाओं, भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता और जिम्मेदार अधिकारियों के व्यवहार पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब महत्वपूर्ण यह होगा कि छात्रावास में भोजन, साफ-सफाई और शौचालयों की व्यवस्था में कितना सुधार होता है और विद्यार्थियों को भविष्य में ऐसी परेशानियों का सामना न करना पड़े, इसके लिए क्या स्थायी कदम उठाए जाते हैं।



Post a Comment

Previous Post Next Post