गृह प्रवेश एवं जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में रामचरितमानस पाठ का आयोजन, भक्ति में सराबोर हुआ गुप्ता परिवार

गृह प्रवेश एवं जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में रामचरितमानस पाठ का आयोजन, भक्ति में सराबोर हुआ गुप्ता परिवार

रीवा - भारतीय सनातन एवं वैदिक परंपरा में धार्मिक आयोजनों का विशेष महत्व रहा है। समाज में समय-समय पर नाम संकीर्तन, सत्यनारायण कथा, रामचरितमानस पाठ, श्रीमद्भागवत कथा सहित विभिन्न धार्मिक आयोजन किए जाते हैं। इन आयोजनों के माध्यम से न केवल धार्मिक आस्था मजबूत होती है, बल्कि परिवार, समाज और आपसी रिश्तों में प्रेम, सद्भाव एवं संस्कारों की भावना भी विकसित होती है। इसी धार्मिक परंपरा का निर्वहन करते हुए रीवा एवं नवीन मऊगंज जिले में गुप्ता परिवार द्वारा गृह प्रवेश एवं पारिवारिक मांगलिक अवसर के उपलक्ष्य में रामचरितमानस पाठ का आयोजन किया गया। स्वर्गीय विश्वनाथ गुप्ता एवं श्रीमती गुलाब कली गुप्ता के बड़े पुत्र अरुण कुमार गुप्ता एवं श्रीमती अंजू गुप्ता के सुपुत्र तथा शिवम गुप्ता एवं रुक्मणी गुप्ता के पुत्र चिरंजीवी रुद्राक्ष राजा भैया के जन्मदिन के शुभ अवसर पर 26 नवंबर 2026 से रामचरितमानस पाठ का शुभारंभ किया गया। धार्मिक कार्यक्रम का समापन 27 नवंबर 2026 को प्रीतिभोज के साथ संपन्न हुआ।

इस अवसर पर परिवार की प्रमुख सदस्य श्रीमती गेंद कली गुप्ता, श्रीमती गुलाब कली गुप्ता, सीताराम गुप्ता, उर्मिला गुप्ता, हिमांशु, ओमप्रकाश, क्षितिज, सुहानी सहित समस्त गुप्ता परिवार के सदस्यों ने आयोजन की व्यवस्थाओं एवं अतिथियों के स्वागत का दायित्व निभाया। कार्यक्रम में स्थानीय कलाकारों द्वारा रामचरितमानस की चौपाइयों एवं भक्ति गीतों की आकर्षक प्रस्तुतियां दी गईं, जिससे उपस्थित जनसमुदाय भावविभोर हो गया।

रामचरितमानस में छिपे हैं सामाजिक जीवन के आदर्श

रामचरितमानस केवल एक धार्मिक ग्रंथ ही नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, पारिवारिक संस्कारों और सामाजिक मर्यादाओं का भी महत्वपूर्ण आधार है। इसमें माता-पिता के प्रति संतान का कर्तव्य, पुत्र के प्रति पिता का दायित्व, भाई-भाई का प्रेम, गुरु का सम्मान, बुजुर्गों का आदर तथा समाज के प्रति प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारियों का सुंदर वर्णन मिलता है। यही कारण है कि रामचरितमानस का पाठ पीढ़ी दर पीढ़ी समाज को संस्कारों और नैतिक मूल्यों से जोड़ने का माध्यम बना हुआ है।

परंपरागत रूप से नए भवन के निर्माण, गृह प्रवेश, संतान प्राप्ति, जन्मोत्सव अथवा किसी महत्वपूर्ण कार्य की पूर्णता पर ऐसे धार्मिक आयोजन किए जाते हैं। विशेष पर्वों एवं त्योहारों पर भी मंदिरों और घरों में रामचरितमानस पाठ, कथा एवं भजन-कीर्तन का आयोजन होता है।

इस तरह के आयोजन निश्चित रूप से समाज में धार्मिक चेतना, पारिवारिक एकता, आपसी सद्भाव और सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने की अनुकरणीय पहल हैं। आज के बदलते सामाजिक परिवेश में नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति, परंपराओं और पारिवारिक संस्कारों से जोड़ने में ऐसे कार्यक्रमों की महत्वपूर्ण भूमिका है।



Post a Comment

Previous Post Next Post