![]() |
| रीवा मेडिकल कॉलेज में यौन उत्पीड़न के आरोपों पर कार्रवाई, डॉक्टर का सतना तबादला |
रीवा। श्याम शाह मेडिकल कॉलेज में यौन उत्पीड़न के आरोपों को लेकर जारी विवाद के बीच स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की है। मेडिसिन विभाग के प्राध्यापक एवं पूर्व विभागाध्यक्ष डॉ. मनोज इंदुरकर का रीवा से सतना मेडिकल कॉलेज में स्थानांतरण कर दिया गया है। पीजी छात्रा द्वारा लगाए गए आरोपों और मेडिकल छात्रों के लगातार विरोध के बाद मंगलवार को अपर सचिव बबीता वासुनिया ने स्थानांतरण आदेश जारी किया।
जानकारी के अनुसार, मेडिकल कॉलेज की एक पीजी छात्रा ने डॉ. मनोज इंदुरकर पर यौन उत्पीड़न के आरोप लगाते हुए पुलिस को लिखित शिकायत सौंपी थी। मामले को लेकर मेडिकल कॉलेज परिसर में विरोध शुरू हो गया। छात्रों ने पुलिस की कार्रवाई से असंतुष्टि जताते हुए हड़ताल की और कैंडल मार्च निकालकर अपना विरोध दर्ज कराया। छात्रों की मांग है कि मामले में केवल प्रशासनिक कार्रवाई पर्याप्त नहीं है, बल्कि आरोपों की निष्पक्ष जांच कर एफआईआर भी दर्ज की जानी चाहिए।
विवाद बढ़ने के बाद पहले डॉ. इंदुरकर को मेडिसिन विभाग के विभागाध्यक्ष पद से हटाया गया था। अब स्वास्थ्य विभाग ने उनका स्थानांतरण सतना मेडिकल कॉलेज कर दिया है। हालांकि, इस फैसले के बाद भी मेडिकल छात्रों का विरोध पूरी तरह समाप्त नहीं हुआ है। छात्र एफआईआर दर्ज करने और मामले में कानूनी कार्रवाई की मांग पर अड़े हुए हैं।
तबादले से नहीं थम रहे सवाल
डॉक्टर के स्थानांतरण के बाद अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या प्रशासनिक स्तर पर तबादले की कार्रवाई से मामले का समाधान हो जाएगा? मेडिकल छात्रों का कहना है कि आरोपों की निष्पक्ष जांच और नियमानुसार कानूनी कार्रवाई जरूरी है। ऐसे में अब सभी की निगाहें पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं।
मामले में आरोपों की सत्यता जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। फिलहाल, डॉक्टर का स्थानांतरण होने के बावजूद रीवा मेडिकल कॉलेज में उठे सवाल और छात्रों की एफआईआर की मांग चर्चा का विषय बनी हुई है।
