रीवा-मऊगंज में वन्यजीवों के शिकार का बढ़ता खतरा, नीलगाय और जंगली सूअर के मांस की अवैध बिक्री की आशंका

रीवा-मऊगंज में वन्यजीवों के शिकार का बढ़ता खतरा, नीलगाय और जंगली सूअर के मांस की अवैध बिक्री की आशंका

रीवा। नवीन जिला मऊगंज सहित रीवा जिले के वन एवं पहाड़ी क्षेत्रों में वन्यजीवों के शिकार की लगातार मिल रही सूचनाएं पर्यावरण, वन्यजीव संरक्षण और सामाजिक व्यवस्था के लिए गंभीर चिंता का विषय बनती जा रही हैं। सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार नीलगाय और जंगली सूअरों का शिकार करने में मध्य प्रदेश के सीमावर्ती क्षेत्रों के साथ उत्तर प्रदेश के कुछ लोगों की संलिप्तता होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, इन गतिविधियों की वास्तविकता जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

मांस की कीमत और वन्यजीवों के शिकार के बीच कनेक्शन की आशंका

स्थानीय बाजारों में मांस की कीमतों को लेकर मिली जानकारी के अनुसार बकरे और पालतू सूअर के मांस की कीमत लगभग 500 से 800 रुपये प्रति किलो तक बताई जा रही है। वहीं मुर्गे के मांस की कीमत भी लगभग 180 रुपये प्रति किलो के आसपास बताई जाती है। ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि क्या मांस के बढ़ते कारोबार और मुनाफे के लालच में वन्यजीवों को निशाना बनाया जा रहा है? सूत्रों का दावा है कि कुछ लोग चार पहिया वाहनों के माध्यम से नीलगाय और जंगली सूअरों का शिकार कर उनका मांस प्रयागराज (उत्तर प्रदेश) सहित अन्य क्षेत्रों में बिक्री के लिए ले जा रहे हैं। यदि इन सूचनाओं में सच्चाई है तो यह वन्यजीव संरक्षण कानूनों का गंभीर उल्लंघन होने के साथ संगठित अवैध गतिविधियों का मामला भी हो सकता है।

बरहट-देवरा जंगल के आसपास शिकार की चर्चाएं

रीवा जिले के बरहट-देवरा जंगल के आसपास वन्यजीवों के शिकार की गतिविधियों को लेकर विशेष रूप से चर्चाएं सामने आ रही हैं। इसके अलावा अन्य वन क्षेत्रों से भी इस तरह की सूचनाएं मिलने की बात कही जा रही है। सबसे चिंताजनक पहलू यह है कि पहले ग्रामीण वन्यजीवों के शिकार की जानकारी वन विभाग तक पहुंचाते थे, लेकिन अब फसलों को नुकसान पहुंचाने वाले जंगली जानवरों के प्रति ग्रामीणों की नाराजगी बढ़ने से सूचना तंत्र भी प्रभावित होने की आशंका है।

वन विभाग और खुफिया तंत्र की भूमिका पर सवाल

यदि वन्यजीवों का शिकार कर उनके मांस का अवैध कारोबार किया जा रहा है तो इसकी रोकथाम के लिए वन विभाग, पुलिस और खुफिया तंत्र को संयुक्त रूप से जांच करनी चाहिए। जंगलों के आसपास संदिग्ध गतिविधियों, वाहनों की आवाजाही और मांस की अवैध खरीद-बिक्री पर निगरानी जरूरी है। साथ ही यह भी पता लगाया जाना चाहिए कि आखिर कितने वन्यजीवों का शिकार हो चुका है और इस गतिविधि के पीछे कौन लोग सक्रिय हैं। दैनिक आज तक 24 जनता की पीड़ा और सूत्रों से प्राप्त सूचनाओं के आधार पर इस गंभीर विषय को सामने ला रहा है। समाचार का उद्देश्य किसी व्यक्ति विशेष पर आरोप लगाना नहीं, बल्कि वन्यजीवों की सुरक्षा और अवैध शिकार की आशंका की निष्पक्ष जांच कराना है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब जंगलों में वन्यजीव सुरक्षित नहीं हैं और उनके शिकार की सूचनाएं लगातार सामने आ रही हैं, तो वन विभाग का निगरानी तंत्र आखिर क्या कर रहा है? वरिष्ठ वन अधिकारियों और जिला प्रशासन को बरहट-देवरा सहित सीमावर्ती वन क्षेत्रों की जांच कराकर वास्तविकता जनता के सामने लानी चाहिए, ताकि वन्यजीवों का अवैध शिकार और उनके मांस का संभावित कारोबार रोका जा सके।

Post a Comment

Previous Post Next Post