रीवा के गढ़ क्षेत्र में जंगली सूअर का आतंक, धान काट रही महिला पर हमला; दो साल में कई घटनाओं से ग्रामीण दहशत में

रीवा के गढ़ क्षेत्र में जंगली सूअर का आतंक, धान काट रही महिला पर हमला; दो साल में कई घटनाओं से ग्रामीण दहशत में

रीवा। जिले के गढ़ थाना क्षेत्र में जंगली सूअरों के बढ़ते हमलों से ग्रामीणों की चिंता बढ़ती जा रही है। ताजा मामला ग्राम तेंदुआ कोठार का है, जहां 21 नवंबर 2026 को सुबह करीब 10 बजे खेत में धान की कटाई कर रही महिला पर जंगली सूअर ने अचानक हमला कर दिया। हमले में सीताकोल पति सत्यभान घायल हो गईं। उनके हाथ में चोट आई है। घटना के बाद आसपास मौजूद ग्रामीणों ने शोर मचाकर किसी तरह महिला को जंगली सूअर के चंगुल से बचाया। मामले की रिपोर्ट गढ़ थाने में दर्ज कराई गई है।

ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में जंगली सूअरों के हमलों की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। पिछले दो वर्षों के दौरान कई लोग इन हमलों का शिकार हो चुके हैं। इनमें बृजवासी कोल, मुन्नालाल की पत्नी और राहुल कोल सहित अन्य ग्रामीणों के नाम बताए जा रहे हैं। इतना ही नहीं, मोटरसाइकिल से आवागमन करने वाले लोगों पर भी जंगली सूअरों के हमले की घटनाएं सामने आई हैं।

गढ़ क्षेत्र के कई गांवों में जंगली सूअर और नीलगायों की बढ़ती मौजूदगी किसानों के लिए बड़ी चुनौती बन गई है। खेतों में धान, आलू और सब्जियों की फसलों को नुकसान पहुंचने के साथ अब किसानों और ग्रामीणों की सुरक्षा का सवाल भी खड़ा हो गया है। खेती-किसानी के लिए खेतों में जाने वाले लोगों को हर समय हमले का डर बना रहता है।

ग्रामीणों ने वन विभाग, जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से प्रभावित गांवों में सुरक्षा के उचित इंतजाम करने की मांग की है। उनका कहना है कि वन्यजीवों की सुरक्षा के साथ ग्रामीणों की जान-माल और फसलों की रक्षा के लिए भी ठोस कदम उठाए जाने चाहिए। अब देखना होगा कि लगातार सामने आ रही घटनाओं के बाद जिम्मेदार विभाग इस समस्या को लेकर क्या कार्रवाई करते हैं।



Post a Comment

Previous Post Next Post