![]() |
| सांसद जनार्दन मिश्रा की किसानों पर टिप्पणी से बढ़ा विवाद, किसान संगठनों ने मांगी माफी |
रीवा/मऊगंज। रीवा सांसद जनार्दन मिश्रा की किसानों को लेकर की गई टिप्पणी अब राजनीतिक और सामाजिक विवाद का रूप लेती जा रही है। मऊगंज जिले के रकरी गांव में आयोजित गोवर्धन पूजा कार्यक्रम के दौरान सांसद द्वारा किसानों की दिनचर्या को लेकर दिए गए बयान के सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद किसान संगठनों और कांग्रेस नेताओं ने कड़ी नाराजगी जताई है। सांसद ने अपने संबोधन में कहा था कि किसान साल में केवल तीन महीने मेहनत करता है, जबकि बाकी नौ महीने ताश, राजश्री, बोतल, चिलम और 'जय भोले' में गुजरते हैं। इस टिप्पणी को किसान संगठनों ने अन्नदाताओं की मेहनत और संघर्ष को कमतर आंकने वाला बताया है।
किसान संगठनों ने जताया विरोध
राष्ट्रीय किसान मजदूर महासंघ के जिला अध्यक्ष नरेंद्र सिंह ने सांसद की टिप्पणी पर आपत्ति जताते हुए कहा कि किसान पूरे साल खेती-किसानी के काम में लगा रहता है। धान की बुवाई, निराई-गुड़ाई, कटाई-मड़ाई से लेकर गेहूं की फसल तैयार करने तक उसे लगातार मेहनत करनी पड़ती है। इसके अलावा आवारा गोवंश से फसलों की सुरक्षा, खाद-बीज की उपलब्धता और मौसम की अनिश्चितता जैसी चुनौतियों का भी सामना करना पड़ता है। ऐसे में किसानों के काम को केवल तीन महीने की मेहनत बताना उनके संघर्ष का अपमान है।
कांग्रेस नेताओं ने भी साधा निशाना
अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ मऊगंज के जिला अध्यक्ष एवं जनपद सदस्य शेख मुख्तार सिद्दीकी ने कहा कि किसानों की मेहनत से ही देश का अन्न भंडार भरता है। उनके परिश्रम के कारण ही आम जनता को भोजन उपलब्ध होता है। ऐसे में सार्वजनिक मंच से किसानों के बारे में इस तरह की टिप्पणी करना उचित नहीं है।
कांग्रेस के हनुमना ब्लॉक अध्यक्ष वीरेंद्र मिश्रा ने भी बयान पर सवाल उठाते हुए कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री किसानों को अन्नदाता कहते हैं, लेकिन सत्ताधारी दल के सांसद की टिप्पणी किसानों की मेहनत को कमतर दिखाती है। उन्होंने सांसद को किसानों की वास्तविक परिस्थितियों को समझने की नसीहत दी।
सांसद के पुराने जीवन को लेकर भी उठाए सवाल
विरोध के बीच सांसद जनार्दन मिश्रा के राजनीतिक जीवन और सांसद बनने से पहले की परिस्थितियों को लेकर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। आलोचकों ने कहा कि सार्वजनिक जीवन में बैठे जनप्रतिनिधियों को दूसरों पर टिप्पणी करने से पहले अपने अतीत और आचरण पर भी आत्ममंथन करना चाहिए। उनके अधिवक्ता रहने के समय की आर्थिक स्थिति और व्यक्तिगत जीवन को लेकर भी राजनीतिक बयानबाजी सामने आई है। हालांकि इन आरोपों और दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
माफी की मांग, आंदोलन की चेतावनी
फिलहाल सांसद की टिप्पणी को लेकर रीवा और मऊगंज क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई है। किसान संगठनों ने मांग की है कि सांसद किसानों के प्रति दिए गए बयान पर सार्वजनिक रूप से माफी मांगें। ऐसा नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी गई है। अब देखना होगा कि सांसद इस विरोध पर क्या प्रतिक्रिया देते हैं और क्या किसानों की नाराजगी दूर करने के लिए कोई स्पष्टीकरण या कदम सामने आता है।
