![]() |
| रीवा में ब्राउन शुगर तस्करी का बड़ा खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार; 25 लाख का बोलेरो वाहन जब्त |
रीवा। शहर में ब्राउन शुगर के अवैध कारोबार के खिलाफ सिटी कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने कटरा मोहल्ले में देर रात दबिश देकर आरोपियों के कब्जे से ब्राउन शुगर और तस्करी में इस्तेमाल किया जा रहा बोलेरो वाहन जब्त किया है। पुलिस के मुताबिक मादक पदार्थ और वाहन की कुल अनुमानित कीमत करीब 25 लाख रुपये है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शाहिद खान, आरिफ और गोपाल जी गुप्ता के रूप में हुई है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर तस्करी के स्रोत और इससे जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।
सीएसपी राजीव पाठक के मुताबिक कार्रवाई के दौरान पहले शाहिद खान और आरिफ को गिरफ्तार किया गया, जबकि आगे की पूछताछ एवं जांच के दौरान गोपाल जी गुप्ता को भी गिरफ्तार किया गया। पुलिस का मानना है कि मामले की तह तक पहुंचने के लिए मादक पदार्थ की आपूर्ति करने वाले लोगों और परिवहन में इस्तेमाल किए जाने वाले रास्तों की जानकारी जुटाना जरूरी है।
6 नवंबर को दैनिक आज तक 24 ने उठाया था ब्राउन शुगर का मुद्दा
गौरतलब है कि दैनिक आज तक 24 ने 6 नवंबर 2026 को रीवा में ब्राउन शुगर की बिक्री और नशे के अवैध कारोबार को लेकर प्रमुखता से सवाल उठाए थे। इसके पूर्व सीधी से रीवा होते हुए उत्तर प्रदेश तक मादक पदार्थों के कथित परिवहन का मुद्दा भी समाचार के माध्यम से उठाया गया था। उस दौरान सीधी से गंगेव, बैकुंठपुर और सिरमौर होते हुए उत्तर प्रदेश की सीमा तक पहुंचने वाले मार्ग पर निगरानी व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े किए गए थे।
दोपहिया से चारपहिया वाहनों तक इस्तेमाल की आशंका
रीवा जिले में मादक पदार्थों और नशीली कफ सिरप के कथित परिवहन को लेकर भी शिकायतें सामने आती रही हैं। आरोप हैं कि अवैध कारोबार से जुड़े लोग दोपहिया, चारपहिया और छोटे मालवाहक वाहनों का इस्तेमाल कर सकते हैं। हालांकि परिवहन के इन तरीकों और संभावित नेटवर्क की वास्तविकता पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
गिरफ्तारी हुई, अब मुख्य सप्लायर तक पहुंचेगी जांच?
कोतवाली पुलिस की कार्रवाई के बाद सबसे बड़ा सवाल यह है कि गिरफ्तार आरोपियों को ब्राउन शुगर की आपूर्ति कौन कर रहा था? क्या इसके तार रीवा के बाहर दूसरे जिलों या उत्तर प्रदेश तक जुड़े हैं? क्या इस कारोबार में अन्य लोग भी शामिल हैं, जो पर्दे के पीछे रहकर आपूर्ति और परिवहन का संचालन कर रहे हैं?
पुलिस के सामने अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर पूरे नेटवर्क की पहचान करने की चुनौती है। केवल स्थानीय स्तर पर गिरफ्तारी से मादक पदार्थों की आपूर्ति पर स्थायी रोक लगाना संभव नहीं होगा। इसके लिए सप्लाई चेन, आर्थिक लेनदेन और परिवहन के संभावित रास्तों की भी जांच जरूरी है।
दैनिक आज तक 24 द्वारा पहले उठाए गए सवालों के बीच कोतवाली पुलिस की यह कार्रवाई महत्वपूर्ण मानी जा रही है। अब देखना होगा कि जांच गिरफ्तार आरोपियों तक सीमित रहती है या फिर ब्राउन शुगर के मुख्य सप्लायर और इस अवैध कारोबार के पूरे नेटवर्क तक पहुंचती है। नशे के खिलाफ अभियान की असली सफलता तभी होगी, जब तस्करी की जड़ पर प्रहार कर युवाओं को इस खतरनाक कारोबार से बचाया जा सके।
