रीवा-सीधी मार्ग पर मौत का तांडव, डंपर-पिकअप की भीषण भिड़ंत में चालक की मौके पर दर्दनाक मौत; वाहन के नीचे दबा मिला शव

रीवा-सीधी मार्ग पर मौत का तांडव, डंपर-पिकअप की भीषण भिड़ंत में चालक की मौके पर दर्दनाक मौत; वाहन के नीचे दबा मिला शव
रीवा। रीवा-सीधी मार्ग पर गुढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत रानीबाग के समीप गुरुवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। मेडिकल वेस्ट लेकर जा रही पिकअप और डंपर के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप वाहन सड़क पर पलट गया और उसका चालक वाहन के नीचे दब गया। हादसे में चालक की मौके पर ही मौत हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पिकअप वाहन मेडिकल वेस्ट लेकर जा रहा था। इसी दौरान रानीबाग के पास डंपर से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। टक्कर के कारण पिकअप बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक को संभलने तक का मौका नहीं मिला।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस

हादसे की सूचना मिलते ही गुढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। घटनास्थल पर तहसीलदार और थाना प्रभारी भी पहुंचे। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में आवश्यक कार्रवाई की गई।

डंपर जब्त, मृतक की पहचान के प्रयास

पुलिस ने दुर्घटना में शामिल डंपर को जब्त कर लिया है। वहीं मृतक पिकअप चालक की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है। पुलिस उसकी पहचान सुनिश्चित करने के प्रयास कर रही है। साथ ही दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी भी जांच की जा रही है।

रीवा-सीधी मार्ग पर हुए इस हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार भारी वाहनों की आवाजाही को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस जांच के बाद ही दुर्घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।




Post a Comment

Previous Post Next Post