![]() |
| रीवा के गढ़ में आधी रात आग का तांडव, फल-सब्जी की तीन दुकानों में लगी आग; हजारों का सामान जलकर राख |
रीवा। जिले के ग्राम पंचायत गढ़ में बीती रात आगजनी की घटना से तीन फल एवं सब्जी दुकानदारों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। शासकीय माध्यमिक विद्यालय गढ़ के बगल में स्थित तीन दुकानों में रात करीब 1:30 से 2 बजे के बीच अचानक आग लग गई। आग की चपेट में आने से दुकानों में रखा फल और सब्जियों का सामान जलकर नष्ट हो गया। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार हजारों रुपये का नुकसान हुआ है। फिलहाल आग लगने का वास्तविक कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आगजनी में रामनारायण गुप्ता की फल दुकान को करीब 30 से 35 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। वहीं महेंद्र गुप्ता की सब्जी दुकान में रखी 40 से 50 कैरेट सहित अन्य सामान जलकर नष्ट हो गया। इसके अलावा राजमणि जायसवाल की फल एवं सब्जी दुकान में करीब 50 से 60 हजार रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया गया है।
रात में फोन से मिली आग लगने की सूचना
स्थानीय लोगों ने रात करीब 2 बजे फोन के माध्यम से दुकानदारों को आग लगने की जानकारी दी। सूचना मिलते ही तीनों दुकानदार मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आग दुकानों में रखे फल और सब्जियों को अपनी चपेट में ले चुकी थी। दुकानदारों को भारी नुकसान का सामना करना पड़ा।
एक ही दुकान में पहले भी हो चुकी है आगजनी
इस घटना ने इसलिए भी चिंता बढ़ा दी है, क्योंकि इससे पहले 28 अक्टूबर 2026 को भी रामनारायण गुप्ता की दुकान में आग लगने की घटना सामने आई थी। उस समय भी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। अब दोबारा आगजनी की घटना होने के बाद स्थानीय स्तर पर मामले की गंभीरता से जांच किए जाने की जरूरत महसूस की जा रही है।
आग हादसा या कोई दूसरी वजह, जांच से होगा खुलासा
ताजा घटना की भी पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि आग शॉर्ट सर्किट, किसी दुर्घटना या किसी अन्य वजह से लगी। लगातार सामने आ रही आगजनी की घटनाओं के बीच दुकानदारों को हुए नुकसान और घटना के कारणों का खुलासा होना जरूरी है। अब पुलिस जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
