![]() |
| रीवा में तेज रफ्तार थार का कहर, कार और दो बाइकों को मारी टक्कर; युवक भरत सिंह की मौत |
रीवा। शहर में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने का एक दर्दनाक मामला सामने आया है। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में रेलवे फ्लाईओवर के पास तेज रफ्तार थार ने सड़क किनारे खड़ी एक कार और दो बाइकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में भरत सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनकी उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जाम के दौरान सड़क किनारे कार और दो बाइक खड़ी थीं। इसी बीच तेज रफ्तार से आई थार ने पहले कार को टक्कर मारी और फिर वहां मौजूद लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक बाइक सवार उछलकर पीछे खड़ी दूसरी गाड़ी पर जा गिरा।
हादसे के बाद थार का एक पहिया निकल जाने के बावजूद चालक के करीब दो किलोमीटर तक तीन पहियों पर वाहन दौड़ाने का आरोप है। बताया जा रहा है कि वाहन चौरहटा थाना क्षेत्र तक पहुंचा। प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों ने दावा किया कि चालक चौरहटा थाने में मौजूद मिला, जबकि पुलिस की ओर से फिलहाल चालक की तलाश किए जाने की बात कही गई है।
सिविल लाइन पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। अब पुलिस जांच में हादसे की परिस्थितियों, चालक की भूमिका और घटना के बाद वाहन लेकर भागने के आरोपों की वास्तविकता सामने आएगी।
