![]() |
| टॉयलेट के पानी से धो रहे थे बर्तन, ग्राहकों को परोसा जा रहा था दूषित पानी, फूड अड्डा का लाइसेंस निलंबित |
रीवा। शहर में संचालित रेस्टोरेंटों की खाद्य सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। शांति विहार कॉलोनी के सामने स्थित फूड अड्डा रेस्टोरेंट में खाद्य सुरक्षा विभाग के औचक निरीक्षण के दौरान स्वच्छता की ऐसी स्थिति सामने आई, जिसने ग्राहकों की सेहत को लेकर चिंता बढ़ा दी। निरीक्षण के दौरान टॉयलेट के भीतर बर्तन धोए जाने और ग्राहकों को दूषित पानी उपलब्ध कराए जाने का मामला सामने आया। विभाग ने कार्रवाई करते हुए रेस्टोरेंट का खाद्य लाइसेंस निलंबित कर दिया है।
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम को निरीक्षण के दौरान रेस्टोरेंट में कई गंभीर अनियमितताएं मिलीं। डीप फ्रीजर में पुरानी और बासी खाद्य सामग्री रखी हुई थी, जिसे मौके पर ही नष्ट कराया गया। इसके अलावा पिज्जा ग्रिलर और कड़ाहियां गंदी हालत में मिलीं। कटी हुई सब्जियां खुले में रखी थीं और उन पर मक्खियां मंडरा रही थीं। खाद्य सामग्री के रखरखाव और साफ-सफाई में लापरवाही भी सामने आई।
स्वच्छता मानकों की अनदेखी पर कार्रवाई
निरीक्षण के दौरान सामने आई परिस्थितियों को खाद्य सुरक्षा मानकों का गंभीर उल्लंघन माना गया। विभाग ने रेस्टोरेंट का लाइसेंस निलंबित कर दिया है। नियमों के अनुरूप व्यवस्थाएं सुनिश्चित होने तक रेस्टोरेंट के संचालन पर रोक रहेगी।
ग्राहकों की सेहत पर बड़ा सवाल
इस कार्रवाई के बाद शहर के अन्य होटल और रेस्टोरेंटों की खाद्य सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। आखिर ग्राहकों से खाद्य पदार्थों के बदले पैसे लेने वाले प्रतिष्ठानों में स्वच्छता और सुरक्षित पानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी कौन निभा रहा है? खाद्य विभाग की इस कार्रवाई ने स्पष्ट कर दिया है कि खाद्य सुरक्षा नियमों की अनदेखी पर सख्त निगरानी और नियमित जांच जरूरी है।
