![]() |
| नकली बीज और मिलावटखोरों पर रीवा कमिश्नर सख्त, एसडीएम की टीमें मारेंगी छापे |
रीवा। रीवा संभाग में प्रशासनिक व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने और आमजन से जुड़े मुद्दों पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए संभागायुक्त शीलेन्द्र सिंह ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। संभागीय समय-सीमा की बैठक में उन्होंने किसानों को नकली बीज बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने, खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए एसडीएम की टीमें गठित कर छापामार अभियान चलाने और यूरिया की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसानों और आम उपभोक्ताओं के हितों से जुड़े मामलों में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
165 शासकीय आवासों का निर्माण जल्द पूरा करें
बैठक में कमिश्नर ने हाउसिंग बोर्ड के अधिकारियों को निर्देश दिए कि रीवा जिले में निर्माणाधीन शासकीय आवासों का काम तेज गति से पूरा कराया जाए। इसके लिए अतिरिक्त श्रमिक लगाकर निर्माण कार्य में तेजी लाने और ठेकेदारों को भी समय सीमा में काम पूरा करने के लिए निर्देशित करने को कहा। उन्होंने कहा कि जिले में शासकीय आवासों की गंभीर कमी है। अधिकारी और कर्मचारी आवास के लिए परेशान हो रहे हैं। ई, एफ और जी टाइप के निर्माणाधीन आवासों को प्राथमिकता से पूरा कराया जाए तथा जो आवास बनकर तैयार हो चुके हैं, उन्हें तत्काल संबंधित विभाग को हैंडओवर किया जाए। बैठक में बताया गया कि जिले में 165 शासकीय आवासों का निर्माण प्रगति पर है।
नकली बीज बेचने वालों पर होगी कार्रवाई
किसानों को नकली बीज बेचे जाने की शिकायतों पर कमिश्नर ने नाराजगी जाहिर की। उन्होंने संयुक्त संचालक किसान कल्याण एवं कृषि विभाग को निर्देश दिए कि मऊगंज सहित अन्य स्थानों पर सामने आई शिकायतों की गंभीरता से जांच कराई जाए। नकली बीज बेचने वालों की पहचान कर उनके विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की जाए, ताकि किसानों को आर्थिक नुकसान से बचाया जा सके।
मिठाई और खाद्य पदार्थों की होगी आकस्मिक जांच
आगामी पर्व एवं त्योहारों को देखते हुए खाद्य पदार्थों में मिलावट के खिलाफ विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। कमिश्नर ने सभी अनुविभागीय अधिकारियों के नेतृत्व में दल गठित कर होटल, रेस्टोरेंट और मिठाई की दुकानों पर छापामार कार्रवाई कराने को कहा। मावा, मसाले, तेल, मिठाई, दूध, घी और पनीर की गुणवत्ता की आकस्मिक जांच कराई जाएगी। मिलावट पाए जाने पर संबंधित कारोबारियों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
पांच माह राशन नहीं लिया तो कटेगा नाम
शासकीय उचित मूल्य दुकानों से राशन वितरण की समीक्षा करते हुए कमिश्नर ने जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक को निर्देश दिए कि पात्र उपभोक्ताओं द्वारा राशन का शत-प्रतिशत उठाव सुनिश्चित कराया जाए। उन्होंने कहा कि कुछ लोग आयुष्मान कार्ड अथवा अन्य दस्तावेज बनवाने के लिए राशन पर्ची बनवा लेते हैं, लेकिन नियमित रूप से राशन नहीं लेते। ऐसे उपभोक्ता जिन्होंने लगातार चार से पांच माह तक राशन का उठाव नहीं किया है, उनके नाम राशन पर्ची से हटाने की कार्रवाई की जाए।
कामदगिरि परिक्रमा मार्ग की हर घंटे सफाई
चित्रकूट में आगामी पर्वों और श्रद्धालुओं की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए कमिश्नर ने नगरीय प्रशासन विभाग को कामदगिरि परिक्रमा मार्ग की विशेष साफ-सफाई कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं, इसलिए परिक्रमा मार्ग की हर घंटे सफाई कराई जाए। उन्होंने पीपा पुल के निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी भी ली।
यूरिया की रैक की पोर्टल पर अनिवार्य एंट्री
किसानों को खाद की उपलब्धता में परेशानी न हो, इसके लिए कमिश्नर ने विपणन संघ के अधिकारियों को यूरिया की प्रत्येक रैक की जानकारी पोर्टल पर अनिवार्य रूप से दर्ज करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मांग के अनुसार यूरिया की आपूर्ति और अग्रिम भंडारण किया जाए, ताकि खरीदी केंद्रों और खाद वितरण केंद्रों पर किसानों को लंबी कतारों में न लगना पड़े। सतना में दो, रीवा में तीन और बरगवां में आगामी दो दिनों में एक यूरिया रैक आने की जानकारी दी गई। कृषि विभाग और विपणन संघ को प्रतिदिन उपलब्धता की निगरानी करने को कहा गया।
सड़क मरम्मत, शिक्षा और स्वास्थ्य पर भी निर्देश
कमिश्नर ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को पाइपलाइन निर्माण के बाद सड़कों के रेस्टोरेशन का कार्य लंबित नहीं रखने और पूर्ण कार्यों की सूची उपलब्ध कराने को कहा। बैठक में बताया गया कि 459 पाइपलाइन निर्माण कार्य किए गए हैं। स्कूलों में संचालित नीट और जेईई की कक्षाओं एवं टेस्ट की समीक्षा करते हुए उन्होंने सांदीपनि विद्यालयों की ड्राइंग और डिजाइन उपलब्ध कराने में अनावश्यक देरी नहीं करने के निर्देश दिए। उच्च शिक्षा विभाग को यूपीएससी और एमपीपीएससी की कक्षाओं के माध्यम से विद्यार्थियों को लगातार मार्गदर्शन देने के लिए प्रोत्साहित किया।
पशुपालन विभाग को सभी ग्राम पंचायतों में दुग्ध उत्पादन समितियां गठित करने के निर्देश दिए गए। वर्तमान में 144 ग्राम पंचायतों में समितियां गठित होने की जानकारी दी गई। उद्यानिकी विभाग को फसलों से जुड़े नवाचारों को बढ़ावा देने तथा सफल प्रयोगों की जानकारी अन्य किसानों तक पहुंचाने को कहा गया। मत्स्य विभाग ने रीवा संभाग में 45 स्मार्ट फिश पार्लर बनाने की योजना बताई, जिनमें 19 रीवा जिले में प्रस्तावित हैं।
गर्भवती महिलाओं का संस्थागत प्रसव अनिवार्य
स्वास्थ्य एवं महिला बाल विकास विभाग की समीक्षा करते हुए कमिश्नर ने गर्भवती महिलाओं की शत-प्रतिशत एएनसी जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्थिति में घर पर प्रसव नहीं होना चाहिए। सभी प्रसव नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या जिला चिकित्सालय में कराए जाएं। संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने के लिए कार्ययोजना तैयार करने और लापरवाही की स्थिति में संबंधित आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, एएनएम एवं आशा कार्यकर्ताओं के विरुद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
सड़कों के गड्ढे भरने और पेंशन प्रकरणों के निराकरण पर जोर
कमिश्नर ने राष्ट्रीय राजमार्ग सहित शहर के प्रमुख मार्गों पर बड़े-बड़े गड्ढों को प्राथमिकता से भरने के निर्देश दिए। लाड़ली पथ रोड के आसपास महाविद्यालयों के समीप संचालित गैरेज से दुर्घटना की आशंका को देखते हुए जिला परिवहन अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। नवंबर में सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों के पेंशन प्रकरण समय पर ऑनलाइन भेजने तथा पीपीओ, नो ड्यूज और बकाया स्वत्वों का भुगतान सेवानिवृत्ति के समय सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में उपायुक्त राजस्व एलएल अहिरवार, डिप्टी कमिश्नर प्रदीप दुबे सहित संभाग के विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
