अवैध शराब पर रीवा कलेक्टर के सख्त निर्देश, दैनिक आज तक 24 की खबर के बाद प्रशासन ने दिखाई सक्रियता

अवैध शराब पर रीवा कलेक्टर के सख्त निर्देश, दैनिक आज तक 24 की खबर के बाद प्रशासन ने दिखाई सक्रियता

रीवा। जिले में अवैध एवं कच्ची शराब के निर्माण और बिक्री को लेकर उठ रहे सवालों के बीच कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी ने अधिकारियों को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने कहा कि शराब के सेवन से जनहानि जैसी गंभीर घटनाएं सामने आती हैं। इनकी रोकथाम के लिए अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण जरूरी है।

कलेक्टर ने जिला पंचायत सीईओ सहित सभी अनुभागों के एसडीएम को अपने-अपने क्षेत्रों में अवैध एवं कच्ची शराब के निर्माण और बिक्री पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

उल्लेखनीय है कि दैनिक आज तक 24 समाचार पत्र ने रीवा और मऊगंज क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार तथा उससे होने वाले दुष्परिणामों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। खबरों के माध्यम से प्रशासन का ध्यान इस ओर आकर्षित कराया गया था कि अवैध शराब केवल कानून-व्यवस्था का मामला नहीं, बल्कि आम नागरिकों और युवाओं के स्वास्थ्य एवं जीवन से जुड़ा गंभीर विषय है।

शराब की गुणवत्ता की जांच भी जरूरी

अवैध शराब की बिक्री रोकने के साथ कच्ची और संदिग्ध शराब की गुणवत्ता की जांच भी जरूरी है। सक्षम विभागों और विशेषज्ञों के माध्यम से यह पता लगाया जाना चाहिए कि शराब में किन पदार्थों का इस्तेमाल हो रहा है और कहीं जहरीले रसायनों से लोगों की जान को खतरा तो नहीं है।

निर्देशों के बाद धरातल पर कार्रवाई का इंतजार

कलेक्टर के निर्देशों के बाद अब आबकारी विभाग, पुलिस और स्थानीय प्रशासन की कार्रवाई पर नजर रहेगी। जरूरत है कि अवैध शराब बनाने वाले ठिकानों की पहचान कर नियमित जांच की जाए और बिक्री के नेटवर्क तक पहुंचकर जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई हो।

दैनिक आज तक 24 का उद्देश्य किसी व्यक्ति विशेष को निशाना बनाना नहीं, बल्कि जनहित के मुद्दों को शासन-प्रशासन तक पहुंचाकर व्यवस्था में सुधार की आवाज उठाना है। अब देखना होगा कि कलेक्टर के निर्देशों का कितना असर जमीन पर दिखाई देता है और रीवा जिले में अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post