मुकुंदपुर व्हाइट टाइगर सफारी का होगा विस्तार, 250 हेक्टेयर में विकसित होगी भव्य सफारी

मुकुंदपुर व्हाइट टाइगर सफारी का होगा विस्तार, 250 हेक्टेयर में विकसित होगी भव्य सफारी

रीवा। मुकुंदपुर स्थित महाराजा मार्तण्ड सिंह जू देव व्हाइट टाइगर सफारी के विस्तार की तैयारी तेज हो गई है। उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने सफारी का भ्रमण कर वर्तमान व्यवस्थाओं का जायजा लिया और प्रस्तावित विस्तार योजना की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि मुकुंदपुर की व्हाइट टाइगर सफारी देश और प्रदेश में अपनी विशिष्ट पहचान बना चुकी है। इसे पर्यटन के बड़े केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए व्यापक विस्तार योजना तैयार की गई है।

वर्तमान में करीब 120 हेक्टेयर क्षेत्र में फैली सफारी में लगभग 119 हेक्टेयर अतिरिक्त भूमि जोड़ी जाएगी। इसके बाद इसका कुल क्षेत्रफल बढ़कर करीब 250 हेक्टेयर हो जाएगा। विस्तार योजना के अंतर्गत 36 हेक्टेयर क्षेत्र में विंध्य वन सफारी और 30 हेक्टेयर में साउथ अफ्रीकन सफारी विकसित करने का प्रस्ताव है। इससे पर्यटकों को अलग-अलग वन्यजीवों को उनके प्राकृतिक आवास जैसे वातावरण में देखने का अवसर मिलेगा।

योजना के तहत जिराफ, जेब्रा सहित अन्य शाकाहारी वन्यजीवों को खुले जंगल जैसे वातावरण में रखने की भी तैयारी है। इससे मुकुंदपुर सफारी का आकर्षण बढ़ने के साथ ही पर्यटकों को वन्यजीवों को करीब से देखने का नया अनुभव मिल सकेगा।

उप मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को विस्तार योजना को जल्द मंजूरी दिलाने और निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराने के निर्देश दिए। उन्होंने भ्रमण के दौरान बंगाल टाइगर, सफेद बाघ, तेंदुआ, बटरफ्लाई पार्क और रेप्टाइल हाउस का अवलोकन भी किया। साथ ही सफारी की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

प्रस्तावित विस्तार पूरा होने पर मुकुंदपुर व्हाइट टाइगर सफारी का दायरा और आकर्षण दोनों बढ़ने की उम्मीद है। इससे विंध्य क्षेत्र में वन्यजीव पर्यटन को नई पहचान मिलने के साथ ही रीवा को पर्यटन के मानचित्र पर और मजबूती से स्थापित करने का अवसर मिलेगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post