![]() |
| रीवा में भीषण सड़क हादसा, डंपर की चपेट में आने से चाचा-भतीजे की मौत |
रीवा। शहर के विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र अंतर्गत इटौरा तिराहे के मोड़ पर शुक्रवार देर रात करीब 12 बजे भीषण सड़क हादसा हो गया। गिट्टी से लोड डंपर की चपेट में आने से स्कूटी सवार चाचा-भतीजे की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, स्कूटी सवार आनंद मोहन तिवारी उर्फ छोटे और अनूप तिवारी उर्फ रमन, निवासी इटौरा, अपने खेत में पानी लगाकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान इटौरा बाईपास के पास डंपर की चपेट में आ गए। बताया जा रहा है कि डंपर चालक कथित तौर पर गलत दिशा से लापरवाहीपूर्वक वाहन चला रहा था। टक्कर के बाद दोनों स्कूटी सवार सड़क पर गिर गए और डंपर का पहिया उनके ऊपर से निकल गया।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
हादसे की सूचना मिलते ही विश्वविद्यालय थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को संजय गांधी अस्पताल की मर्चुरी में भिजवाया। घटना के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पुलिस स्थानीय लोगों द्वारा बताए गए वाहन नंबर के आधार पर डंपर और उसके चालक की तलाश में जुटी है। हादसे के वास्तविक कारणों और वाहन चालक की भूमिका की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
जांच में जुटी पुलिस
देर रात हुए इस हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और भारी वाहनों की आवाजाही को लेकर सवाल खड़े किए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है। हादसे से दो परिवारों में शोक छा गया है।
