सेमरिया पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 2.15 किलो गांजा के साथ दो आरोपी गिरफ्तार

सेमरिया पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 2.15 किलो गांजा के साथ दो आरोपी गिरफ्तार

रीवा/सेमरिया। जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सेमरिया पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से 2 किलो 150 ग्राम गांजा बरामद किया गया है। इसके अलावा परिवहन में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।

पुलिस के मुताबिक, थाना सेमरिया में पदस्थ सहायक उपनिरीक्षक रामशिरोमणि सिंह बघेल को मुखबिर से सूचना मिली थी कि लाल-काली रंग की होंडा हॉर्नेट मोटरसाइकिल से दो व्यक्ति ग्राम चौरा की ओर से गांजा लेकर आ रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में बताए गए स्थान पर घेराबंदी की और मोटरसाइकिल सवार दोनों व्यक्तियों को रोककर तलाशी ली।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों की पहचान रोहित उर्फ रामकलेश वर्मा (37) और कर्ण केवट उर्फ करन (23), दोनों निवासी वार्ड क्रमांक 12, सेमरिया, जिला रीवा के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उनके पास मौजूद सफेद रंग के झोले से 2 किलो 150 ग्राम गांजा बरामद हुआ। मादक पदार्थ के संबंध में वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर पुलिस ने नियमानुसार कार्रवाई की।

1.50 लाख रुपये का मशरूका जब्त

पुलिस ने गांजा की अनुमानित कीमत 25 हजार रुपये बताई है। इसके साथ करीब 80 हजार रुपये कीमत की मोटरसाइकिल, 20 हजार रुपये का ओप्पो मोबाइल और 25 हजार रुपये का वीवो मोबाइल फोन जब्त किया गया है। जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत 1 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर गिरफ्तारी की सूचना उनके परिजनों को दी और न्यायालय में पेश किया।

इनकी रही सराहनीय भूमिका

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक रीवा डॉ. गुरकरन सिंह के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप मिश्रा के निर्देशन तथा एसडीओपी रूपेंद्र धुर्वे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सेमरिया शिवा अग्रवाल के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में सउनि. रामशिरोमणि सिंह बघेल, प्रधान आरक्षक हफीजुर्रहमान, आशीष विश्वकर्मा तथा आरक्षक प्रबल त्रिपाठी, विक्रम वर्मा, अनमोल श्रीवास्तव, विवेक सिंह और पंचमलाल प्रजापति की भूमिका रही।

Post a Comment

Previous Post Next Post