![]() |
| दुखद घटना को राजनीतिक हथियार न बनाए कांग्रेस, संवेदनशील मुद्दे पर राजनीति करना दुर्भाग्यपूर्ण : वीरेंद्र गुप्ता |
रीवा - भाजपा रीवा जिला अध्यक्ष वीरेंद्र गुप्ता ने कल्पना मिश्रा की दुखद मृत्यु पर कांग्रेस द्वारा की जा रही राजनीति पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि पूरी भारतीय जनता पार्टी कल्पना मिश्रा के परिवार के दुख में उनके साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने घटना की गंभीरता और संवेदनशीलता को देखते हुए तत्काल कदम उठाए। सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए, उच्चस्तरीय कमेटी का गठन कर निष्पक्ष जांच के लिए राज्य स्तरीय जांच दल भेजा गया, जिसने त्वरित जांच प्रारंभ की। प्रथम दृष्टया ही संबंधित कर्मचारियों पर कार्रवाई करते हुए उन्हें निलंबित किया गया तथा डीन का स्थानांतरण किया गया। इसके साथ ही मजिस्ट्रियल जांच के आदेश भी दिए गए हैं। श्री गुप्ता ने कहा कि उपमुख्यमंत्री श्री राजेंद्र शुक्ल ने स्वयं कल्पना मिश्रा के पिता एवं ससुराल पहुंचकर परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और उन्हें भरोसा दिलाया कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके विरुद्ध सख्त कार्रवाई होगी। किसी भी दोषी को संरक्षण नहीं दिया जाएगा।
कांग्रेस की राजनीति पर भाजपा जिला अध्यक्ष का तीखा हमला
भाजपा जिला अध्यक्ष ने कहा कि कल्पना मिश्रा के परिवार पर आए इस वज्रपात के समय कांग्रेस को परिवार के साथ खड़ा होना चाहिए था, लेकिन कांग्रेस के नेता इस संवेदनशील घटना को राजनीतिक अवसर में बदलने में जुटे हैं। उन्होंने कहा, “दुखद घटना पर राजनीतिक रोटियां सेंकना कांग्रेस की पुरानी राजनीति का हिस्सा बन चुका है। कांग्रेस नेताओं के बयानों ने उनकी वास्तविक मंशा को जनता के सामने उजागर कर दिया है। संवेदनशील मुद्दों पर राजनीति कर रीवा की शांति और सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। श्री गुप्ता ने कहा कि रीवा की जनता कांग्रेस के चाल, चरित्र और राजनीतिक तौर-तरीकों को भली-भांति समझती है। कांग्रेस आज झूठ, भ्रम और नकारात्मक राजनीति की मशीन बनकर रह गई है। सेमरिया विधायक को अनर्गल बयानबाजी करने के बजाय जनता को यह बताना चाहिए कि उन्होंने अपने क्षेत्र और रीवा के विकास के लिए क्या ठोस काम किए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जब कांग्रेस के पास अपनी उपलब्धियां गिनाने के लिए कुछ नहीं होता, तब वह नकारात्मक राजनीति का सहारा लेकर रीवा के शांतिपूर्ण वातावरण को बिगाड़ने का प्रयास करती है। अस्पताल में धरना, घरों में घुसकर प्रदर्शन और अशांति पैदा करने वाली राजनीति को जनता कभी स्वीकार नहीं करेगी।
विकास के मुद्दे पर कांग्रेस को घेरा
भाजपा जिला अध्यक्ष ने कहा कि आज रीवा विकास की नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है। उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल के प्रयासों से रीवा स्वास्थ्य सुविधाओं के बड़े केंद्र के रूप में विकसित हो रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लंबे समय तक सत्ता में रही, लेकिन रीवा में जिला चिकित्सालय तक नहीं बना सकी। आज रीवा में जिला चिकित्सालय, सुपर स्पेशलिटी अस्पताल और आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हैं। किडनी ट्रांसप्लांट सहित गंभीर बीमारियों के उपचार की सुविधाएं विकसित हुई हैं। उन्होंने कहा कि चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय विस्तार हुआ है। एमबीबीएस की सीटें 60 से बढ़ाकर 200 की गई हैं और अस्पतालों में लगभग 1550 बिस्तरों की क्षमता बढ़ी है। विंध्य क्षेत्र के साथ-साथ आसपास के उत्तर प्रदेश से भी बड़ी संख्या में लोग उपचार के लिए रीवा आ रहे हैं। श्री गुप्ता ने कहा कि कांग्रेस को रीवा की स्वास्थ्य व्यवस्था और विकास को बदनाम करने के बजाय अपने शासनकाल का हिसाब जनता को देना चाहिए। रीवा की जनता विकास चाहती है, विवाद और अशांति नहीं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस चाहे जितनी नकारात्मक राजनीति और भ्रम फैलाने का प्रयास कर ले, रीवा की विकास यात्रा रुकने वाली नहीं है। “जांच निष्पक्ष होगी, दोषी पर कार्रवाई होगी और रीवा विकास की राह पर लगातार आगे बढ़ता रहेगा।”
