रीवा
सेमरिया पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अवैध नशीली कफ सिरप के खरीदार-बिक्रीकर्ता गिरोह का फरार आरोपी गिरफ्तार
रीवा। अवैध नशीली कफ सिरप की खरीदी-बिक्री के मामले में सेमरिया पुलिस ने फरार चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी प्रमोद शर्मा उर्फ लाला पिता रामकिशोर शर्मा (38 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 12, कस्बा सेमरिया को दस्तयाब कर पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक रीवा डॉ. गुरकरन सिंह के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप मिश्रा के निर्देशन और एसडीओपी रूपेंद्र धुर्वे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सेमरिया शिवा अग्रवाल एवं पुलिस टीम द्वारा की गई।
120 शीशी कफ सिरप और बाइक हुई थी जब्त
मामले की शुरुआत मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई से हुई। थाना सेमरिया में पदस्थ उप निरीक्षक लंकेश वर्मा को सूचना मिलने के बाद पुलिस ने रेड कार्रवाई की। इस दौरान रफीक खान पिता जान मोहम्मद (34 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 13 सेमरिया तथा प्रभात शर्मा उर्फ पप्पू पिता केशव प्रसाद शर्मा (38 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 11 सेमरिया के कब्जे से 120 शीशी अवैध नशीली कफ सिरप बरामद की गई थी। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल क्रमांक MP17ML8565 भी जब्त की थी।
पूछताछ में सामने आया आरोपी का नाम
पुलिस द्वारा दोनों आरोपियों से पूछताछ की गई तो उन्होंने नशीली कफ सिरप सत्यम सिंह निवासी अबेर से खरीदकर लाने और उसे सेमरिया निवासी प्रमोद शर्मा के पास बेचने की बात बताई थी। मामले में रफीक खान और प्रभात शर्मा को पूर्व में गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया था, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया।
इसके बाद पुलिस फरार आरोपी प्रमोद शर्मा की तलाश में जुटी थी। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने उसे दस्तयाब किया। पूछताछ में पुलिस के अनुसार आरोपी ने मामले में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। इसके बाद गिरफ्तारी का कारण बताते हुए उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस टीम की भूमिका
कार्रवाई में उप निरीक्षक ललन सिंह, आरक्षक प्रबल त्रिपाठी और आरक्षक पंचमलाल प्रजापति की महत्वपूर्ण भूमिका रही।