| लगातार प्रकाशित खबरों के बाद जागा पंचायत अमला, जलभराव और गंदगी की समस्या से ग्रामीणों को राहत की उम्मीद |
बुढ़ार/केसवाही - जनपद पंचायत बुढ़ार अंतर्गत ग्राम पंचायत केसवाही में नालियों की बदहाल व्यवस्था और जल निकासी की समस्या को लेकर लगातार प्रकाशित की जा रही खबरों का अब असर दिखाई देने लगा है। कई दिनों से नालियों की सफाई नहीं होने के कारण जगह-जगह गंदगी, कचरा और जलभराव की स्थिति बनी हुई थी। इससे ग्रामीणों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। समस्या को प्रमुखता से उठाए जाने के बाद अब ग्राम पंचायत द्वारा नाली सफाई का कार्य शुरू कर दिया गया है। बताया गया कि सफाई कार्य आज से प्रारंभ किया गया है और आवश्यकतानुसार इसे लगातार जारी रखा जाएगा। सफाई शुरू होने से ग्रामीणों में राहत की उम्मीद जगी है।
बारिश बनी थी सफाई में बाधा
इस संबंध में जनपद उपाध्यक्ष ने बताया कि नाली सफाई का कार्य पहले से प्रस्तावित था, लेकिन पिछले करीब 15 दिनों से लगातार बारिश होने के कारण कई विकास कार्य प्रभावित हुए। बारिश के चलते नालियों की सफाई का काम भी लंबित हो गया था। अब मौसम साफ होने के बाद सफाई कार्य शुरू कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि गांव का विकास और स्वच्छता पंचायत की प्राथमिकता है। नाली सफाई का काम तब तक जारी रखा जाएगा, जब तक आवश्यक सफाई पूरी नहीं हो जाती।
सरपंच ने बताई देरी की वजह
ग्राम पंचायत सरपंच देवकी सिंह ने बताया कि पंचायत की ओर से सफाई की तैयारी पहले से की जा रही थी, लेकिन त्योहारों के दौरान मशीन और मजदूर उपलब्ध नहीं हो पाने तथा लगातार बारिश के कारण काम शुरू नहीं हो सका। अब मौसम अनुकूल होने के बाद सफाई कार्य निरंतर जारी रहेगा।
नियमित सफाई की मांग
सफाई कार्य शुरू होने के बाद ग्रामीणों ने राहत की उम्मीद जताई है। उनका कहना है कि नालियों की नियमित सफाई और बेहतर जल निकासी व्यवस्था बनाए रखी जाए तो बारिश के दौरान जलभराव और गंदगी की समस्या काफी हद तक कम हो सकती है। फिलहाल, लगातार उठाई गई जनसमस्या पर पंचायत द्वारा कार्रवाई शुरू होना राहत की खबर है। अब देखना होगा कि सफाई कार्य कितनी तेजी से पूरा होता है और आगे पंचायत स्वच्छता व्यवस्था को कितनी नियमितता से बनाए रखती है।