जवा में 5850 प्रतिबंधित नशीली टैबलेट के साथ दो गिरफ्तार

पल्सर मोटरसाइकिल से ले जा रहे थे नशीली गोलियों की खेप, पुलिस ने 1.32 लाख रुपये का मशरूका किया जब्त

रीवा - जिले में प्रतिबंधित नशीली दवाओं के अवैध परिवहन और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जवा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस टीम ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर घेराबंदी कर दो युवकों को प्रतिबंधित नशीली टैबलेट के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 5850 नग अल्प्राजोलम टैबलेट, पल्सर 220 सीसी मोटरसाइकिल और नकद राशि बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार जब्त सामान की कुल कीमत करीब 1 लाख 32 हजार 112 रुपये है।

पुलिस के मुताबिक 27 सितंबर 2026 को जवा थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति पल्सर मोटरसाइकिल से प्रतिबंधित नशीली गोलियों की खेप लेकर जवा की ओर आ रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया और सूचना की तस्दीक के साथ कार्रवाई के लिए पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने संभावित मार्ग पर निगरानी बढ़ाते हुए महुआ टोला खाद्य वितरण केंद्र के पास घेराबंदी की। कुछ देर बाद मुखबिर के बताए हुलिए और मोटरसाइकिल के आधार पर पुलिस ने एक पल्सर मोटरसाइकिल को रुकवाया। उस पर दो युवक सवार थे। पुलिस ने नियमानुसार दोनों की तलाशी ली। तलाशी के दौरान पुलिस को प्रतिबंधित नशीली टैबलेट अल्प्राजोलम की बड़ी मात्रा बरामद हुई। पुलिस ने कुल 5850 टैबलेट जब्त की हैं, जिनकी कीमत करीब 20 हजार 182 रुपये बताई गई है। इसके साथ ही नशीली टैबलेट के परिवहन में इस्तेमाल की जा रही पल्सर 220 सीसी मोटरसाइकिल, जिसकी अनुमानित कीमत 1 लाख 10 हजार रुपये है, भी जब्त कर ली गई। आरोपियों के पास से 1930 रुपये नकद भी बरामद हुए।

दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया

पुलिस ने बरामद नशीली टैबलेट और अन्य सामान को जब्त कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रितिक द्विवेदी पिता रमेश द्विवेदी, उम्र 20 वर्ष, निवासी बिझवार, थाना जवा, जिला रीवा तथा विवेक मिश्रा पिता रमेश मिश्रा, उम्र 24 वर्ष, निवासी बरौली ठकुरान, थाना जवा, जिला रीवा के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया। न्यायालय से दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया। पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि प्रतिबंधित टैबलेट कहां से लाई गई थीं और इन्हें आगे कहां पहुंचाया जाना था।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में कार्रवाई

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक रीवा डॉ. श्री गुरकरन सिंह के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप मिश्रा तथा एसडीओपी डभौरा नारायण सिंह कुमरे के मार्गदर्शन में की गई। जवा थाना प्रभारी अरविंद सिंह राठौड़ के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया। कार्रवाई में सउनि. रन्नू देवी, सउनि. अखिलेश्वर सिंह, प्रधान आरक्षक राजरूप साकेत, प्रधान आरक्षक प्रेमशंकर साकेत, आरक्षक सूरज सिंह, वेद प्रकाश वर्मा, सोनू सिंह, सुधीर मौर्या, धर्मेंद्र गुप्ता, बृजकिशोर, महिला आरक्षक वंदना डिंडोरे तथा सैनिक रामजी वर्मा की भूमिका सराहनीय रही। पुलिस के अनुसार प्रतिबंधित नशीली दवाओं के अवैध परिवहन और बिक्री पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। इस कार्रवाई के बाद पुलिस अब बरामद टैबलेट के स्रोत और संभावित सप्लाई नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post