| 38 वर्ष की सेवा के बाद एएसआई उपेन्द्र सिंह भदौरिया सेवानिवृत्त, पुलिस अधीक्षक ने किया सम्मान |
सिंगरौली/माड़ा - पुलिस विभाग में 38 वर्ष की गौरवपूर्ण सेवा देने के बाद सहायक उप निरीक्षक उपेन्द्र सिंह भदौरिया 31 अगस्त 2026 को सेवानिवृत्त हो गए। पुलिस अधीक्षक कार्यालय सिंगरौली में आयोजित सम्मान समारोह में पुलिस अधीक्षक श्री विजय के.एम. ने शाल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर उन्हें सम्मानित किया। इसके साथ ही वर्तमान पदस्थापना थाना माड़ा में स्टाफ द्वारा विदाई समारोह का आयोजन किया गया।
उपेन्द्र सिंह भदौरिया मूलतः सीधी जिले के ग्राम बघवार के निवासी हैं। वे दिनांक 05 जनवरी 1988 को छतरपुर जिले में आरक्षक के पद पर भर्ती हुए थे। वर्ष 2013 में स्थानांतरण पर पुलिस लाइन सिंगरौली आए। वर्ष 2015 में तिनगुड़ी चौकी में उनकी प्रथम पदस्थापना हुई। इसके बाद उन्होंने थाना माड़ा, आजाक थाना और सरई थाना में अपनी सेवाएं दीं। सेवानिवृत्ति से 3 माह पूर्व वे पुनः थाना माड़ा में पदस्थ हुए। आरक्षक के पद से भर्ती होकर वे पदोन्नत होकर सहायक उप निरीक्षक के पद से सेवानिवृत्त हुए हैं।
तिनगुड़ी चौकी में पदस्थापना के दौरान वर्ष 2015 से 2019 तक उन्होंने क्षेत्र में बड़ी चोरियों का खुलासा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। लामबंद क्षेत्र में सक्रिय अंतर्राज्यीय चोर गिरोहों को पकड़वाने में जिला पुलिस के साथ-साथ दूसरे राज्यों की पुलिस का भी सहयोग किया, जिसके लिए उन्हें कई बार पुरस्कृत किया गया। आम लोगों से मधुर व्यवहार के कारण क्षेत्र में आज भी उनकी सराहना की जाती है।
समारोह में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री सर्वेश सिन्हा, एसडीओपी सिंगरौली रोशनी कुर्मी, रक्षित निरीक्षक केशव सिंह सहित थाना माड़ा के समस्त पुलिसकर्मियों ने उनके उज्जवल भविष्य एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।