![]() |
| मऊगंज में 243 गौवंश को हाईवे से हटाकर गौशालाओं में पहुंचाया, अब ‘घर पहुंचें’ अभियान का दूसरा चरण |
मऊगंज। CJUK समिति के समर्थन से चलाए गए ‘घर चलें अभियान’ के तहत जिले में हाईवे और प्रमुख सड़कों पर मौजूद 243 गौवंश को हांककर सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया गया। समिति के अनुसार इन गौवंश को संबंधित गौशाला के सक्षम सदस्य एवं अधिकारियों को सुपुर्द किया गया। अभियान में जिला प्रशासन, पशुपालन विभाग, जिला पंचायत, जनपद पंचायत, ग्राम पंचायत और गौशाला संचालकों का सहयोग मिला। कलेक्टर मऊगंज संजय जैन एवं जनपद सीईओ सृष्टि देशमुख द्वारा दिए गए सहयोग और आश्वासन पर भी समिति ने संतोष जताया।
समिति का कहना है कि ‘घर चलें अभियान’ का उद्देश्य केवल सड़क से गौवंश हटाना नहीं, बल्कि हाईवे पर होने वाली दुर्घटनाओं को रोकना और निराश्रित गौवंश को सुरक्षित संरक्षण उपलब्ध कराना है। सड़क पर गौवंश के कारण वाहन चालकों, बाइक सवारों और स्वयं पशुओं के दुर्घटनाग्रस्त होने की घटनाओं को देखते हुए अभियान चलाया गया।
समिति के अनुसार अभियान के दौरान मऊगंज की विभिन्न सड़कों और प्रमुख मार्गों का निरीक्षण किया गया। कई स्थानों पर पहले की तुलना में सड़क पर गौवंश की संख्या कम दिखाई दी। समिति का कहना है कि समाज और प्रशासन के संयुक्त प्रयास से धरातल पर बदलाव संभव है।
अब ‘घर पहुंचें अभियान’ का दूसरा चरण
CJUK समिति ने अभियान के दूसरे चरण के रूप में ‘घर पहुंचें अभियान’ शुरू करने की घोषणा की है। इसके तहत जिले की गौशालाओं, गांवों, प्रमुख सड़कों, हाईवे और गौवंश से जुड़े संवेदनशील क्षेत्रों का समय-समय पर निरीक्षण किया जाएगा। समिति ने वेटनरी विभाग, MPRDC, पंचायत एवं गौशाला संचालकों से सहयोग की मांग की है, ताकि निराश्रित गौवंश को सुरक्षित रूप से सक्षम अधिकारियों की सुपुर्दगी में पहुंचाया जा सके।
समिति के अनुसार जिले के विभिन्न गांवों में प्रभारी नियुक्त किए गए हैं तथा प्रत्येक प्रभारी के साथ 21 सदस्यीय टीम गठित की जा रही है। ये टीमें अपने क्षेत्र की स्थिति की जानकारी रखेंगी और आवश्यकता पड़ने पर संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को रिपोर्ट उपलब्ध कराएंगी।
बेल्हा गौशाला के निरीक्षण में व्यवस्थाओं पर उठे सवाल
अभियान के दौरान बेल्हा गौशाला के भ्रमण के बाद समिति ने वहां की व्यवस्थाओं को लेकर गंभीर सवाल उठाए। समिति का दावा है कि निरीक्षण के दौरान पशु आहार में फफूंद दिखाई दी तथा कुछ स्थानों पर बालू और ईंट जैसी सामग्री भी मिली। समिति ने यह भी आरोप लगाया कि गौवंश को पर्याप्त पानी और चारे की व्यवस्था नहीं थी तथा कुछ पशु घुटने तक गोबर के बीच दिखाई दिए।
समिति का कहना है कि बेल्हा गौशाला की व्यवस्थाओं को लेकर पूर्व में भी शिकायतें और सवाल सामने आते रहे हैं। अब CJUK समिति द्वारा कलेक्टर मऊगंज से मुलाकात कर अभियान के दौरान किए गए कार्य, गौवंश की सुपुर्दगी और आगे की कार्ययोजना से अवगत कराया जाएगा।
दादर पश्चिम से शुरू होगा स्वावलंबी गौशाला मॉडल
शासन-प्रशासन और समिति के संयुक्त प्रयास से दादर पश्चिम गौशाला से स्वावलंबी गौशाला मॉडल शुरू करने की दिशा में भी चर्चा की गई। कार्यक्रम में संबंधित पंचायतों और क्षेत्रीय प्रभारियों के साथ गौवंश संरक्षण की व्यवस्था पर विचार-विमर्श हुआ। समिति के अनुसार क्षेत्र के अधिकांश गौवंश को पहले ही सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा चुका है और वर्तमान में संख्या कम है।
क्षेत्रीय प्रभारी नियमित अंतराल पर गौशालाओं का निरीक्षण करेंगे और यह जानकारी जुटाएंगे कि गौवंश को अनधिकृत रूप से बाहर तो नहीं छोड़ा जा रहा, भोजन-पानी की व्यवस्था कैसी है तथा गौशाला का रखरखाव किस स्थिति में है। आवश्यकता के अनुसार निरीक्षण की जानकारी कलेक्टर एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों को उपलब्ध कराई जाएगी।
गौशालाओं को स्वावलंबी बनाने पर जोर
CJUK समिति का कहना है कि गौवंश को सड़क से हटाकर गौशाला पहुंचाना स्थायी समाधान नहीं है। गौशालाओं को व्यवस्थित, पारदर्शी और स्वावलंबी मॉडल के रूप में विकसित करना जरूरी है, ताकि वहां रह रहे गौवंश की निरंतर देखभाल हो सके और उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग किया जा सके।
कार्यक्रम के समापन पर कल्याण मंत्र पाठ के बाद वृहद वृक्षारोपण किया गया। कार्यक्रम में संयोजक अखिलेश पाण्डेय, रहना प्रभारी एवं सेवानिवृत्त कृषि अधिकारी मुनेश्वर पाण्डेय, सह प्रभारी श्यामलाल कोल, खजुरहन प्रभारी भरत मिश्रा, सेक्टर गौशाला जोन प्रभारी कृष्ण कुमार पाण्डेय, तिलकराज पाण्डेय, दादर सरपंच मदन लाल साकेत, ब्लॉक वेटरनरी अधिकारी केके गुप्ता, उमेश मिश्रा, संजय मिश्रा, बृजेश मिश्रा, रत्नेश विश्वकर्मा सहित क्षेत्रीय प्रभारी, पंचायत प्रतिनिधि और सैकड़ों गौभक्त उपस्थित रहे।
समिति ने कहा कि जब तक निराश्रित गौवंश को सड़कों से सुरक्षित स्थानों तक स्थानांतरित करने और उनके संरक्षण की व्यवस्था मजबूत नहीं होती, तब तक अभियान जारी रहेगा।
