गुढ़ नगर परिषद में सियासी घमासान, भाजपा के 10 पार्षदों ने दिया सामूहिक इस्तीफा

गुढ़ नगर परिषद में सियासी घमासान, भाजपा के 10 पार्षदों ने दिया सामूहिक इस्तीफा

रीवा - नगर परिषद गुढ़ में राजनीतिक विवाद एक बार फिर गहरा गया है। वार्ड क्रमांक 13 की पार्षद विमला रावत के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी समर्थित 10 पार्षदों ने जिला अध्यक्ष वीरेंद्र गुप्ता को सामूहिक इस्तीफा सौंप दिया। पार्षदों ने नगर परिषद अध्यक्ष अर्चना सिंह पर मनमाने तरीके से कार्य करने और परिषद के विकास कार्यों में अपेक्षित रुचि नहीं लेने सहित कई आरोप लगाए हैं।

जिला अध्यक्ष को सौंपे गए पत्र में पार्षदों ने बताया कि नगर परिषद में भाजपा के आठ निर्वाचित पार्षदों के साथ दो निर्दलीय समर्थक पार्षद भी भाजपा के साथ हैं। कुल 10 पार्षदों ने पार्टी नेतृत्व के निर्देश पर अर्चना सिंह को नगर परिषद अध्यक्ष चुने जाने का उल्लेख करते हुए कहा कि अध्यक्ष बनने के बाद उनके कामकाज को लेकर पार्षदों में असंतोष बढ़ता गया।

पार्षदों का आरोप है कि नगर परिषद में उनकी सहमति के बिना कई निर्णय लिए गए। विरोध करने वाले पार्षदों के खिलाफ कथित रूप से झूठे प्रकरण दर्ज कराने और उनके साथ अभद्र व्यवहार किए जाने की शिकायत भी पत्र में की गई है। पार्षदों ने अध्यक्ष पर पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने तथा अन्य राजनीतिक दलों के नेताओं के संपर्क में रहने का भी आरोप लगाया है।

पार्षदों के अनुसार वर्तमान में अध्यक्ष को अधिकांश पार्षदों का समर्थन प्राप्त नहीं है। उनका दावा है कि आपसी मतभेद के कारण नगर परिषद के विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं। पार्षदों ने कहा कि अध्यक्ष के कामकाज को लेकर प्रदेश स्तर के भाजपा नेताओं को भी पूर्व में शिकायत की जा चुकी है।

पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि नगर परिषद अध्यक्ष को पद से हटाने अथवा उन्हें वापस बुलाने के संबंध में कलेक्टर रीवा के माध्यम से मध्यप्रदेश शासन को प्रस्ताव भेजा गया है। पार्षदों का कहना है कि उनकी शिकायतों और मांगों पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने के कारण उन्होंने भाजपा की प्राथमिक सदस्यता से सामूहिक इस्तीफा देने का निर्णय लिया।

सामूहिक इस्तीफा सौंपे जाने के बाद गुढ़ नगर परिषद की राजनीति में हलचल बढ़ गई है। हालांकि, पार्षदों द्वारा लगाए गए आरोपों पर नगर परिषद अध्यक्ष अर्चना सिंह या उनके पक्ष की ओर से कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। ऐसे में आने वाले दिनों में मामले को लेकर पार्टी और प्रशासन स्तर पर क्या कार्रवाई होती है, इस पर सभी की नजर बनी हुई है।



Post a Comment

Previous Post Next Post