| बदनावर में गूंजे हर-हर महादेव के जयकारे, धूमधाम से निकली भव्य मातृशक्ति कांवड़ यात्रा |
बदनावर। सावन माह में भगवान शिव की भक्ति का रंग बदनावर में देखने को मिला, जब खेड़ा सरपंच योगेश मुकाती के नेतृत्व में भव्य मातृशक्ति कांवड़ यात्रा निकाली गई। यात्रा के पांचवें वर्ष में बड़ी संख्या में महिलाओं सहित श्रद्धालु कांवड़ लेकर शामिल हुए। पूरे मार्ग में हर-हर महादेव और बोल बम के जयकारों से वातावरण शिवमय हो गया। मातृशक्ति कांवड़ यात्रा की शुरुआत पेटलावद रोड स्थित प्राचीन नागेश्वर धाम के नागेश्वर कुंड से हुई। यहां श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर कुंड से जल भरा और भगवान शिव का स्मरण करते हुए कांवड़ यात्रा प्रारंभ की। यात्रा भेरू उखलिया, जवाहर मार्ग, सोमेश्वर चौराहा और बस स्टैंड से होते हुए बाबा बैजनाथ महादेव मंदिर पहुंची।
मंदिर पहुंचने के बाद श्रद्धालुओं ने पवित्र जल से बाबा बैजनाथ महादेव का जलाभिषेक किया और क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। यात्रा के स्वागत के लिए बदनावर नगर में जगह-जगह मंच बनाए गए थे। नगर को भगवा ध्वजों और आकर्षक मंडपों से सजाया गया। विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं एवं सामाजिक संगठनों ने कांवड़ियों का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। यात्रा में आदिवासी भगोरिया नृत्य दल और उज्जैन का लोकनृत्य दल विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। पारंपरिक नृत्य और भक्ति संगीत ने यात्रा की भव्यता को और बढ़ा दिया।
यात्रा संयोजक योगेश मुकाती ने बताया कि मातृशक्ति कांवड़ यात्रा का यह पांचवां वर्ष है। उन्होंने कहा कि देश में महिला सशक्तिकरण की भावना को मजबूत करने और मातृशक्ति की सहभागिता को सामने लाने के उद्देश्य से यह यात्रा आयोजित की जा रही है। यात्रा में बड़ी संख्या में माताएं-बहनें और श्रद्धालु शामिल हुए। मातृशक्ति की भक्ति, आस्था और सहभागिता से सजी यह कांवड़ यात्रा बदनावर में धार्मिक उत्साह के साथ महिला सशक्तिकरण का संदेश भी देती नजर आई।